Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार के गोपालगंज में पागल सियार का आतंक, आठ लोगों को काटा; अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन नदारद

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 10:57 PM (IST)

    बिहार के गोपालगंज में एक पागल सियार के हमले से लकड़ी बनवीर गांव के आठ लोग घायल हो गए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी-रेबीज इंजेक्शन न मिलने से मर ...और पढ़ें

    फोटो सोशल मीडिया

    फोटो सोशल मीडिया

    HighLights

    1. गोपालगंज में पागल सियार के हमले से आठ लोग घायल।

    2. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी-रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं।

    3. ग्रामीणों ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए गंभीर सवाल।

    संवाद सूत्र, फुलवरिया (गोपालगंज)। प्रखंड के लकड़ी बनवीर गांव में पागल सियार के हमले से आठ लोग घायल हो गए। घायलों में महिला, पुरुष और किशोर शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई और लोग घरों से निकलने में भी सतर्कता बरतने लगे।

    एक-एक कर कई लोगों पर किया हमला

    ग्रामीणों के अनुसार शनिवार देर शाम एक पागल सियार गांव में घुस आया और बारी-बारी से कई लोगों पर हमला कर दिया।

    हमले में अंगूरी कुमारी, राम नारायण भगत, श्रीगुन राम, सुजीत राम, विकास कुमार, लक्ष्मीना देवी, सीता देवी और बीगु भगत घायल हो गए। ग्रामीणों ने किसी तरह सियार से बचकर अपनी जान बचाई।

    अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बढ़ी परेशानी

    घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया लाया गया। यहां डॉक्टरों ने सभी का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन अस्पताल में एंटी रेबीज इंजेक्शन उपलब्ध नहीं होने से मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ गई।

    बाहर से इंजेक्शन खरीदने की दी सलाह

    स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं होने पर चिकित्सकों ने घायलों को बाहर के मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन खरीदकर लगवाने की सलाह दी।

    आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह अतिरिक्त बोझ बन गया, जिससे परिजनों में नाराजगी भी देखी गई।

    ग्रामीणों ने उठाई स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल

    घटना के बाद ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रेबीज इंजेक्शन की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।

    उनका कहना है कि जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं समय-समय पर होती रहती हैं, ऐसे में अस्पताल में जीवनरक्षक दवा का उपलब्ध नहीं होना गंभीर लापरवाही है।

    प्रशासन से कार्रवाई की मांग

    ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से पागल सियार को पकड़ने की मांग की है, ताकि दोबारा किसी पर हमला न हो। साथ ही स्वास्थ्य विभाग से भी एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की अपील की गई है, जिससे भविष्य में ऐसे मामलों में लोगों को तत्काल उपचार मिल सके।