Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोपालगंज और मीरगंज बायपास निर्माण की प्रक्रिया तेज, 7 गांवों की 30.48 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण 

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 09:30 PM (GMT+05:30)

    गोपालगंज और मीरगंज बाइपास के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें कुल 30.48 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीती ...और पढ़ें

    एआई जनरेटेड फोटो

    एआई जनरेटेड फोटो

    HighLights

    1. गोपालगंज, मीरगंज बाइपास के लिए भूमि अधिग्रहण शुरू।

    2. कुल 30.48 एकड़ जमीन का होगा अधिग्रहण।

    3. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने की थी घोषणा।

    जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिला मुख्यालय के समीप दूसरे बाइपास तथा मीरगंज बाइपास निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। दोनों बाइपास निर्माण के लिए कुल 30.48 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

    मीरगंज बाइपास के लिए 5 गांवों की 23.37 एकड़ तथा गोपालगंज बाइपास के लिए मांझा अंचल के दो गांवों की 7.1151 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा।

    जानकारी के अनुसार, 4 जनवरी 2025 को प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शहर के दूसरे बाइपास व मीरगंज बाइपास निर्माण योजना की घोषणा की थी।

    गोपालगंज बाइपास एनएच-27 पर मांझागढ़ प्रखंड के दानापुर से शुरू होकर मांझा, देवापुर व कबिलासपुर बाज़ार होते हुए एनएच-531 में सदर प्रखंड के तुरकहां तक बनेगा।

    इस बाइपास की कुल लंबाई 12.600 किलोमीटर होगी और इसके निर्माण पर लगभग 01 अरब 26 करोड़ 54 लाख 85 हजार रुपये खर्च होंगे।

    इसी प्रकार मीरगंज बाइपास का निर्माण एनएच 531 सलेमपट्टी पेट्रोल पंप के समीप से मीरगंज-भागीपट्टी-समउर पथ के दूसरे किलोमीटर तक होगा। इसकी कुल लंबाई 3.18 किलोमीटर होगी। इसके निर्माण पर 130 करोड़ की राशि खर्च होगी।

    मीरगंज बाइपास के लिए पांच गांवों की जमीन का होगा अधिग्रण

    मीरगंज बाइपास निर्माण में कुल पांच गांवों की जमीन का अधिग्रहण होगा। इनमें मीरगंज की हरखौली, पीपरा खास, सलेमपट्टी, बंकीखाल तथा ईटवा गांवों करीब तीन सौ किसानों की जमीन शामिल होगी।

    इन गांवों के कुल 212 प्लाट में चिन्हित जमीन बाइपास के लिए अधिग्रहित होगी। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, सारण प्रमंडल इसके लिए कार्य एजेंसी होगी।

    गोपालगंज बाइपास में अधिग्रहित होगी दो गांवों की जमीन

    गोपालगंज बाइपास के लिए मांझा अंचल के मांझा तथा दानापुर गांवों की 7.1151 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। इनमें दानापुर गांव के कुल 41 तथा मांझा गांव के कुल 87 प्लाट की जमीन को चिन्हित किया गया है। दोनों गांवों के करीब 180 रैयतों की जमीन इस कार्य के लिए अधिग्रहित होगी।

    गोपालगंज बाइपास से जुड़ेंगी दो सड़कें

    शहर के दूसरे बाइपास में दो सड़कों का संयोजन होगा। इसका 2.30 किलोमीटर लंबा पथांश दानापुर–मांझा पथ पर स्थित है, जिसे ग्रामीण कार्य विभाग से पथ निर्माण विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है।

    इस हिस्से में विभागीय भूमि उपलब्ध न होने के कारण भू-अर्जन की प्रक्रिया आवश्यक हो गई है। शेष 10.30 किलोमीटर लंबा पथांश जल संसाधन विभाग की विशुनपुरा वितरणी नहर एवं सारण मुख्य नहर के तटबंध पर स्थित है, जहां पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है।

    खबरें और भी

    जिला मुख्यालय के समीप दूसरे बाइपास के निर्माण को लेकर मांझा अंचल के दो गांवों की 7.1151 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। इसकी अधिघोषणा कर दी गई है। अब जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। -अनिल कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी गोपालगंज