बिहार के गोपालगंज से जल्द उड़ेगा विमान, सबेया एयरफील्ड चालू कराने के लिए मंत्री से मिले MP डॉ. सुमन
गोपालगंज सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन ने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से सबेया एयरफील्ड को जल्द चालू कराने का आग्रह किया। ...और पढ़ें

सबेया एयरफील्ड चालू कराने के लिए मंत्री से मिले MP डॉ. सुमन
HighLights
सांसद ने सबेया एयरफील्ड चालू कराने को मंत्री से मिले।
उड़ान योजना में एयरलाइनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग।
एयरफील्ड से क्षेत्र में विकास और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। सबेया एयरफील्ड को जल्द चालू कराने की दिशा में गोपालगंज के सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सुमन ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात की।
सांसद ने हथुआ अनुमंडल स्थित सबेया एयरफील्ड को क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस)-उड़ान के तहत शीघ्र संचालित कराने का आग्रह करते हुए मंत्री को ज्ञापन सौंपा।
सांसद ने बताया कि 473 एकड़ में फैले रक्षा एयरफील्ड की करीब 280 एकड़ भूमि अतिक्रमणमुक्त एवं परिचालन के लिए उपलब्ध है। रक्षा मंत्रालय से एनओसी मिलने के बाद सांसद निधि से भूमि के सीमांकन व पिलरिंग का कार्य कराया गया है।
वहीं, रक्षा संपदा निदेशालय की 4.41 करोड़ रुपये की स्वीकृति के बाद पूरे 473 एकड़ क्षेत्र की बाउंड्री पिलरिंग व फेंसिंग का काम भी पूरा हो चुका है।
सांसद ने कहा कि गोपालगंज और सिवान के करीब 1.5 से 2 लाख लोग खाड़ी देशों में कार्यरत हैं। हवाई सेवा नहीं होने से लोगों को दिल्ली समेत महानगरों तक सड़क मार्ग से जाना पड़ता है।
सबेया एयरफील्ड शुरू होने से गोपालगंज के साथ सिवान, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सारण और उत्तर प्रदेश के देवरिया के लाखों लोगों को लाभ मिलेगा। इससे व्यापार, उद्योग, निवेश, रोजगार व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और थावे शक्तिपीठ आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर हवाई संपर्क मिल सकेगा।
डॉ. सुमन ने बताया कि एएआई एयरफील्ड का सर्वे कर चुका है और बिहार सरकार ने 9 जून 2025 को केंद्र को संचालन का प्रस्ताव भेजा था। उड़ान योजना के तहत पांच चरणों में बोली प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अब तक किसी एयरलाइन ने परिचालन का प्रस्ताव नहीं दिया है।
खबरें और भी
उन्होंने एयरलाइनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय स्तर पर आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की। मंत्री ने सांसद की मांग को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ मामले की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सांसद ने उम्मीद जताई कि सबेया एयरफील्ड के संचालन से क्षेत्र में हवाई संपर्क के साथ विकास और रोजगार को गति मिलेगी।