Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोपालगंज में 42 हजार लाभार्थियों की फंस सकती है पेंशन राशि, जिला प्रशासन ने दिया अंतिम मौका

    Updated: Wed, 29 Jul 2026 01:31 PM (IST)

    गोपालगंज में 42 हजार से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण लंबित है, जिससे उनकी पेंशन राशि अटक सकती है। जिला प्रशासन ने 14 अगस्त तक ...और पढ़ें

    गोपालगंज में 42 हजार लाभार्थियों की फंस सकती है पेंशन राशि (AI Generated Image)

    गोपालगंज में 42 हजार लाभार्थियों की फंस सकती है पेंशन राशि (AI Generated Image)

    HighLights

    1. 42 हजार से अधिक पेंशन लाभुकों का सत्यापन लंबित।

    2. जीवन प्रमाणीकरण की अंतिम तिथि 14 अगस्त निर्धारित।

    3. पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों का होगा आयोजन।

    मिथिलेश तिवारी, गोपालगंज। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े जिले के 42 हजार से अधिक लाभुकों की पेंशन राशि अटक सकती है। कारण यह है कि इन लाभुकों का अब तक बायोमेट्रिक आधारित जीवन प्रमाणीकरण नहीं हो सका है।

    ऐसे लाभुकों को जीवन प्रमाणीकरण कराने के लिए अंतिम मौका 14 अगस्त तक निर्धारित किया गया है। जिला प्रशासन पंचायत स्तर पर विशेष शिविर लगाकर शत-प्रतिशत सत्यापन कराने का कार्य करेगा।

    जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अनुसार, जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के 2,57,908 लाभुक हैं। इनमें से 2,15,720 का जीवन प्रमाणीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 42,167 लाभुक अब भी सत्यापन से वंचित हैं।

    समय पर जीवन प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले लाभुकों की पेंशन भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है। डीएम समीर सौरभ ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि पंचायतवार शिविर आयोजित कर शेष लाभुकों का हर हाल में 14 अगस्त तक जीवन प्रमाणीकरण कराया जाए।

    शिविरों में पंचायत सचिव, विकास मित्र, कार्यपालक सहायक, डेटा एंट्री ऑपरेटर और कॉमन सर्विस सेंटर संचालकों की तैनाती रहेगी। शिविर की तिथि, समय और स्थान का व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा।

    जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन लाभुकों का बायोमेट्रिक सत्यापन तकनीकी कारणों से संभव नहीं होगा, उनका नियमानुसार भौतिक सत्यापन कराया जाएगा।

    मृत मिले लाभुकों की पोर्टल पर होगी एंट्री

    सत्यापन के दौरान मृत पाए जाने वाले लाभुकों को ई-लाभार्थी पोर्टल पर डेथ मार्क किया जाएगा। स्थायी रूप से पलायन कर चुके अथवा पते पर नहीं मिलने वाले लाभुकों की अलग सूची तैयार कर जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग को भेजने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक शिविर के बाद प्रखंड वार दैनिक प्रगति रिपोर्ट भी उपलब्ध करानी होगी।

    बैकुंठपुर प्रखंड में सबसे अधिक लाभुकों का प्रमाणीकरण पेंडिंग

    जिले में सबसे अधिक पेंडिंग जीवन प्रमाणीकरण बैकुंठपुर प्रखंड में 5,747 है। इसी प्रकार बरौली में 5,321 और कुचायकोट में 5,179 लाभुकों का प्रमाणीकरण पेंडिंग हैं।

    आंकड़ों के अनुसार, पंचदेवरी में सबसे कम 674 लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण शेष है। प्रशासन का कहना है कि समय सीमा के भीतर सभी पात्र लाभुक अपना जीवन प्रमाणीकरण अवश्य करा लें, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा न आए।

    कहां कितने लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण पेंडिंग?

    प्रखंड कुल लाभुक पेंडिंग
    बैकुंठपुर 28,438 5,747
    सिधवलिया 16,637 2,626
    बरौली 32,823 5,321
    मांझा 18,686 2,335
    गोपालगंज 17,991 3,522
    थावे 8,659 1,124
    कुचायकोट 32,226 5,179
    हथुआ 20,357 3,508
    उचकागांव 16,457 3,012
    फुलवरिया 14,856 3,189
    भोरे 15,132 2,014
    कटेया 12,951 1,873
    पंचदेवरी 7,989 700
    विजयीपुर 13,712 2,042

    खबरें और भी