Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोपालगंज के स्कूल में घुसकर छात्र की डंडे से पिटाई, वायरल वीडियो पर शिक्षा विभाग सख्त

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 07:48 PM (IST)

    गोपालगंज के प्यारेपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में एक छात्र की डंडे से पिटाई का वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। विभाग ने ...और पढ़ें

    छात्र को पीटता आरोपी। फोटो जागरण

    छात्र को पीटता आरोपी। फोटो जागरण

    HighLights

    1. गोपालगंज के प्यारेपुर स्कूल में छात्र की पिटाई का मामला।

    2. वायरल वीडियो के बाद शिक्षा विभाग ने जांच शुरू की।

    3. आरोपी चंद्रेश्वर नाथ चौबे के खिलाफ प्राथमिकी का आदेश।

    जागरण संवाददाता, गोपालगंज। शिक्षा मंत्री के गृह जिले गोपालगंज में सरकारी विद्यालय के अंदर छात्र की पिटाई का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आ गया है। थावे प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय प्यारेपुर में एक व्यक्ति द्वारा कक्षा में घुसकर छात्र की डंडे से पिटाई किए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि दैनिक जागरण नहीं करता है। प्रसारित वीडियो में एक व्यक्ति कक्षा के अंदर एक छात्र को डंडे से मारते हुए दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान कक्षा में मौजूद अन्य छात्र भयभीत नजर आ रहे हैं।

    वीडियो में एक छात्र आरोपित को रोकने के लिए पुलिस को फोन करने की बात कहते हुए भी सुनाई दे रहा है, लेकिन इसके बाद भी पिटाई जारी रहती है। इस दौरान एक शिक्षक ने छात्र को बचाने का प्रयास करते हुए कहा कि बच्चा उनके पास बैठा था और उसे नहीं मारना चाहिए, लेकिन आरोपित नहीं रुका।

    घटना की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रशासन ने इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी। मंगलवार को प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सम्राट शिवमणि विद्यालय पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। जांच के दौरान विद्यालय के शिक्षकों, ग्रामीणों और संबंधित लोगों से जानकारी ली गई।

    खबरें और भी

    पहले भी कर चुके हैं हरकत

    बताया जाता है कि सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राएं खेल रहे थे। इसी दौरान प्यारेपुर गांव निवासी चंद्रेश्वर नाथ चौबे विद्यालय परिसर में पहुंचे और एक छात्र की डंडे से पिटाई कर दी।

    विद्यालय प्रशासन का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति पहले भी विद्यालय परिसर में विवाद और मारपीट कर चुके हैं। ग्रामीणों के अनुसार, चंद्रेश्वर नाथ चौबे विद्यालय के भूमि दाता भी हैं।

    उन पर विद्यालय के दो कमरों में रखे अभिलेखों और प्रधानाध्यापक कार्यालय में ताला लगाने का भी आरोप है। इससे विद्यालय के कामकाज और पठन-पाठन प्रभावित होने की बात कही जा रही है।

    शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश 

    मामला संज्ञान में आने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बीईओ को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। साथ ही विद्यालय के प्रधानाध्यापक को आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी कराने का आदेश दिया गया है।

    डीईओ ने कहा कि विद्यालय परिसर में किसी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश कर बच्चों के साथ मारपीट करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रभारी बीईओ सम्राट शिवमणि ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश के अनुसार आरोपित चंद्रेश्वर नाथ चौबे के विरुद्ध थावे थाना में प्राथमिकी कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- 3 दिन बाद बेउर जेल से बाहर आए तेज प्रताप यादव; 25 जुलाई की रात हुए थे ग‍िरफ्तार, सरकार के फैसले से राहत