Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोपालगंज: 22 संस्थानों के छात्रों को मिलेगा 4 लाख तक का एजुकेशन लोन, DRCC वेरिफिकेशन जरूरी

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 03:58 PM (IST)

    गोपालगंज में बिहार सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 22 संस्थानों के छात्रों को 4 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण मिलेगा। यह योजना उच्च शिक्षा के ...और पढ़ें

    22 संस्थानों के छात्रों को मिलेगा 4 लाख तक का एजुकेशन लोन (AI Generated Image)

    22 संस्थानों के छात्रों को मिलेगा 4 लाख तक का एजुकेशन लोन (AI Generated Image)

    HighLights

    1. गोपालगंज के 22 संस्थानों के छात्रों को मिलेगा शिक्षा ऋण।

    2. बिहार सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से 4 लाख तक लोन।

    3. ऑनलाइन आवेदन, डीआरसीसी सत्यापन, आसान किस्तों में चुकाएं।

    जागरण संवाददाता, गोपालगंज। उच्च शिक्षा की राह में आर्थिक तंगी अब विद्यार्थियों के लिए बड़ी बाधा नहीं बनेगी। बिहार सरकार की स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत इस वर्ष जिले के 22 मान्यता प्राप्त कालेजों एवं शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को चार लाख रुपये तक का एजुकेशन लोन मिलेगा।

    इंजीनियरिंग, मेडिकल, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, नर्सिंग, स्नातक सहित अन्य व्यावसायिक व उच्च शिक्षा के पाठ्यक्रमों में नामांकित विद्यार्थी योजना का लाभ ले सकेंगे।

    जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) के माध्यम से संचालित योजना के तहत बिहार के साथ-साथ राज्य के बाहर के मान्यता प्राप्त संस्थानों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों को भी लाभ दिया जाएगा।

    आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी मिलने पर निर्धारित शर्तों के अनुसार आसान किस्तों में ऋण की राशि चुकानी होगी।

    2240 विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने का लक्ष्य

    वित्तीय वर्ष 2026-27 में जिले के 2240 छात्र-छात्राओं को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसे मार्च 2027 तक पूरा किया जाना है।

    विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक लक्ष्य के आधे से अधिक विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। इनमें करीब 20 प्रतिशत आवेदनों को स्वीकृति मिल चुकी है। शेष आवेदनों के सत्यापन और स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है।

    डीआरसीसी में सत्यापन के बाद मिलेगा लोन

    योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को निश्चय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के बाद डीआरसीसी में दस्तावेजों का सत्यापन होगा। आवेदन स्वीकृत होने के बाद बैंक के माध्यम से ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।

    क्या कहते हैं अधिकारी?

    स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के तहत उच्च शिक्षा के लिए एजुकेशन लोन लेने की प्रक्रिया काफी आसान है। आवेदन ऑनलाइन करना है। इसके अलावा विद्यार्थी डीआरसीसी पहुंचकर भी योजना की जानकारी ले सकते हैं। - विनोद किरण, सहायक प्रबंधक, बिहार शिक्षा वित्त निगम, गोपालगंज