गोपालगंज में शराब से लदी यूपी नंबर की कार पेड़ से टकराई, पुलिस के आने से पहले लोगों ने लूटी बोतलें
गोपालगंज के भोरे में शराब से लदी यूपी नंबर की एक कार पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कार सवार फरार हो गए और पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने अध ...और पढ़ें
HighLights
शराब से लदी यूपी नंबर की कार भोरे में पेड़ से टकराई।
कार सवार हादसे के बाद मौके से तुरंत फरार हो गए।
पुलिस के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने शराब की बोतलें लूटीं।
संवाद सूत्र, भोरे (गोपालगंज)। भोरे थाना क्षेत्र के भोरे-कटेया मुख्य पथ पर शनिवार की अहले सुबह शराब से लदी उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
इस बीच कार में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस के पहुंचने से पहले ही अधिकांश शराब की बोतलें उठा ले गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से केवल क्षतिग्रस्त कार ही मिली।

जानकारी के अनुसार, भोरे बाजार स्थित हीरो एजेंसी के समीप तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद चालक व अन्य सवार मौके से भाग निकले। कुछ ही देर में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
कार के भीतर अंग्रेजी शराब की पेटियां देख लोगों ने बोतलें निकालनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते अधिकांश शराब मौके से गायब हो गई। घटना की सूचना मिलने पर भोरे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर थाने ले आई।
पुलिस वाहन के निबंधन नंबर के आधार पर उसके मालिक और शराब तस्करों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और उसकी आपूर्ति कहां की जानी थी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।