Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    गोपालगंज: बेटे के फोन पर गंदे मैसेज की शिकायत करने गई महिला पर कहर, रेता गला; मंगलसूत्र-कैश भी लूटा

    Updated: Thu, 02 Jul 2026 03:35 PM (IST)

    बेटे के मोबाइल पर अश्लील संदेश भेजने का विरोध करने पर एक महिला पर फुलवरिया के माड़ीपुर गांव में धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया गया। घायल ममता देवी ...और पढ़ें

    बेटे के फोन पर गंदे मैसेज की शिकायत करने गई महिला पर कहर (AI Generated Image)

    बेटे के फोन पर गंदे मैसेज की शिकायत करने गई महिला पर कहर (AI Generated Image)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सूत्र, फुलवरिया (गोपालगंज)। बेटे के मोबाइल पर कथित तौर पर अश्लील और अभद्र संदेश भेजने का विरोध करना एक महिला को भारी पड़ गया। फुलवरिया थाना क्षेत्र के माड़ीपुर गांव में आरोपितों ने महिला पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला की गर्दन पर गंभीर चोट लगी।

    परिजनों ने उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर कर दिया।

    घायल माड़ीपुर गांव निवासी विजय चौहान की पत्नी ममता देवी ने गुरुवार को थाने में लिखित शिकायत देकर गांव के आठ लोगों को नामजद आरोपित बनाया है।

    महिला ने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र सूरज कुमार के मोबाइल पर गांव के सुलेखन चौहान और गोलू चौहान गाली-गलौज के साथ अश्लील व अभद्र संदेश भेज रहे थे। इसी संबंध में पूछताछ करने वह उनके घर पहुंची थीं।

    आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवकों के साथ सुखन महतो, उनकी पत्नी रंजू देवी, लक्ष्मण महतो, उनकी पत्नी रुना देवी समेत अन्य लोगों ने धारदार हथियार और लाठी-डंडे से हमला कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि चाकू के वार से उनकी गर्दन पर गंभीर चोट लगी।

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान गले से सोने का मंगलसूत्र, कान का झुमका तथा 50 हजार रुपये नकद भी छीन लिए गए। बताया गया कि करीब एक माह पूर्व भी दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी, जिसकी प्राथमिकी पहले से दर्ज है।

    खबरें और भी

    थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि घायल महिला की लिखित शिकायत के आधार पर आठ लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।