बिहार में पुलिस जवानों की बस में ट्रक ने मारी टक्कर, होमगार्ड ड्राइवर की मौत
गोपालगंज के थावे बाईपास पर पुलिस जवानों को ले जा रही बस में एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार ...और पढ़ें

रोते बिलखते स्वजन : जागरण
HighLights
थावे बाईपास पर पुलिस जवानों की बस में ट्रक ने मारी टक्कर।
बस चालक होमगार्ड जवान विकेश कुमार राय की हुई मौत।
महावीरी अखाड़ा ड्यूटी पर जवानों को ले जा रही थी बस।
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के थावे बाईपास पर मंगलवार की रात पुलिस जवानों से भरी बस में एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बस चला रहे होमगार्ड जवान की मौत हो गई।
मृतक की पहचान उचकागांव थाना क्षेत्र के सिसवनिया गांव निवासी विकेश कुमार राय के रूप में की गई है। वे होमगार्ड के जवान थे और पुलिस लाइन में तैनात थे।
तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार को महावीरी अखाड़ा जुलूस को लेकर पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी क्रम में पुलिस लाइन से बस में जवानों को बैठाकर उन्हें विभिन्न स्थानों पर महावीरी अखाड़ा जुलूस में ड्यूटी के लिए छोड़ने की जिम्मेदारी विकेश कुमार राय को दी गई थी।
वे बस लेकर जवानों के साथ थावे बाईपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी। हादसे में बस चालक विकेश कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई।
सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।