Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ईरानी मिसाइल ने बुझा दिया सपनों का जहाज, भारतीय दूतावास से पिता की पुकार- बेटे रोहन को आखिरी बार घर ले आइए

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 07:43 PM (IST)

    मरीन इंजीनियर रोहन गुप्ता की ईरानी हमले में मौत हो गई है, जिससे गोपालगंज के थावे प्रखंड स्थित उनके परिवार में शोक का माहौल है। ...और पढ़ें

    पिता ने सरकार से लगाई गुहार

    पिता ने सरकार से लगाई गुहार

    HighLights

    1. मरीन इंजीनियर रोहन गुप्ता की ईरानी हमले में मौत।

    2. गोपालगंज के थावे प्रखंड में शोक का माहौल।

    3. परिवार ने पार्थिव शरीर लाने की गुहार लगाई।

    जागरण संवाददाता, थावे (गोपालगंज)। थावे प्रखंड के विदेशी टोला गांव निवासी व्यवसायी संजय प्रसाद गुप्ता के 30 वर्षीय पुत्र मरीन इंजीनियर रोहन उर्फ सोनू गुप्ता की ईरानी हमले में मौत के बाद गुरुवार को तीसरे दिन भी उनके आवास पर शोक जताने वालों का तांता लगा रहा।

    स्थानीय लोग, शुभचिंतक तथा थावे बाजार के व्यवसायियों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

    परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। लोग लगातार स्वजन के घर पहुंचकर संवेदना प्रकट कर रहे हैं।

    दुबई की कंपनी में इंजीनियर थे रोहन

    रोहन उर्फ सोनू गुप्ता दुबई की कंपनी अलबयाह एडनौक में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। विदेश में नौकरी कर रहे रोहन अपने परिवार की उम्मीदों का बड़ा सहारा थे।

    ईरान की ओर से हुए मिसाइल हमले के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और पूरे इलाके में मातम पसर गया।

    पार्थिव शरीर को स्वदेश लाने की कोशिश जारी

    घटना के बाद से स्वजन लगातार कंपनी, भारतीय दूतावास और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं। परिवार की कोशिश है कि पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द भारत लाया जा सके।

    इसके लिए आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया जारी है। स्वजन लगातार सरकार और संबंधित एजेंसियों से संपर्क बनाए हुए हैं।

    पिता ने सरकार से लगाई गुहार

    मृतक के पिता संजय प्रसाद गुप्ता ने भावुक होकर कहा कि परिवार की सबसे बड़ी इच्छा है कि बेटे का शव जल्द भारत पहुंचे।

    उन्होंने कहा कि अंतिम दर्शन के बाद पैतृक गांव में पूरे रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया जा सके।

    उन्होंने केंद्र सरकार, भारतीय दूतावास और संबंधित एजेंसियों से प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही बेटे का पार्थिव शरीर स्वदेश पहुंच जाएगा।

    व्यवसायियों और ग्रामीणों ने जताई संवेदना

    मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और व्यवसायियों ने भी सरकार से शीघ्र पहल करने की मांग की। सभी ने पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

    इस अवसर पर ओम प्रकाश राय, संजय गुप्ता सहित थावे बाजार के कई व्यवसायी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

    यह भी पढ़ें- ईरान अमेरिका हमले में गोपालगंज के इंजीनियर की मौत, मां बोलीं- बेटे की शादी की तैयारी चल रही थी, अब सब खत्म