भागलपुर के बाद बिहार के एक और पुल के स्पैन में आया गैप, बड़ी गाड़ियों की आवाजाही पर रोक
गोपालगंज के जादोपुर-मंगलपुर महासेतु के स्पैन में गैप आने से चिंता बढ़ गई है, जिसके बाद डीएम ने बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी है। ...और पढ़ें

महासेतु में आई गैप। (जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गोपालगंज। जिले के सदर प्रखंड के दियारा इलाके में स्थित गोपालगंज को पश्चिम चंपारण से जोड़ने वाले अति महत्वपूर्ण जादोपुर-मंगलपुर महासेतु के स्पैन में गैप आने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। महासेतु का पाया संख्या- पांच हल्का दब गया है। जिसके कारण पुल के एक हिस्से में गैप दिखाई देने लगा है।
वहीं, स्पैन में गैप आने की सूचना के बाद शनिवार को डीएम पवन कुमार सिन्हा सहित कई पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। साथ ही डीएम ने आदेश निकालते हुए पश्चिम चंपारण से गोपालगंज को जोड़ने वाली मंगलपुर पुल पर बड़े वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दिए है। ताकि कोई बड़ा हादसा नहीं हो सके।
गोपालगंज और पश्चिम चंपारण के लोगों की है लाइफलाइन
यह महासेतु गोपालगंज व पश्चिम चंपारण जिले के लोगों के लिए लाइफलाइन माना जाता है। प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन इस पुल से होकर गुजरते हैं। ऐसे में पुल के स्पैन में आई खराबी ने यात्रियों और प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, जादोपुर से मंगलपुर तक बने इस महासेतु का निर्माण करीब 549 करोड़ रुपये की लागत से कराया गया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 17 मार्च 2016 को इसका उद्घाटन किए थे।
लगभग साढ़े 16 किलोमीटर लंबे इस महासेतु के निर्माण से गोपालगंज और पश्चिम चंपारण के बीच की दूरी करीब 100 किलोमीटर कम हो गई थी। इससे आवागमन आसान हुआ और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला।
मौके पर पहुंचे डीएम

महासेतु के स्पैन में आई गैप को देखते डीएम। (जागरण)
महासेतु में गैप आने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर डीएम पवन कुमार सिन्हा, एसडीएम अनिल कुमार, जल संसाधन विभाग के अधिकारी सहित कई पदाधिकारी पहुंचे कर महासेतु का निरीक्षण किए। अधिकारियों ने महासेतु की स्थिति का जायजा लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
खबरें और भी
डीएम पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि मेगाब्रिज के स्पैन में गैप आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी रिपोर्ट पटना स्थित एनआईटी व आईआईटी की विशेषज्ञ टीम को भेजी गई है।
जल्द पहुंचेगी एक्सपर्ट की टीम
जल्द ही विशेषज्ञों की टीम मौके पर पहुंचकर पुल का तकनीकी निरीक्षण करेगी और सुरक्षा को लेकर आवश्यक सुझाव देगी। डीएम ने कहा कि फिलहाल एहतियात के तौर पर बड़े और भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई है, ताकि पुल पर अतिरिक्त दबाव न पड़े और मरम्मत कार्य सुचारु रूप से कराया जा सके।
प्रशासन ने लोगों से भी सावधानी बरतने और निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें- विक्रमशिला सेतु को लेकर आई अच्छी खबर, संताल परगना में खुशी का माहौल