Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    किसान के बेटे ने बढ़ाया बिहार का मान; MRF हाई परफॉर्मेंस कैंप में ग्लेन मैक्ग्रा से सीखेंगे तेज गेंदबाजी के गुर

    Updated: Sat, 25 Jul 2026 01:58 PM (IST)

    गोपालगंज के किसान पुत्र युवा तेज गेंदबाज रिंकल तिवारी का चयन एमआरएफ हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए हुआ है। वे चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग ...और पढ़ें

    ग्‍लेन मैकग्रा के साथ र‍िंकल त‍िवारी। सौ-स्वजन

    ग्‍लेन मैकग्रा के साथ र‍िंकल त‍िवारी। सौ-स्वजन

    HighLights

    1. किसान पुत्र रिंकल तिवारी का एमआरएफ हाई परफॉर्मेंस कैंप में चयन।

    2. चेन्नई में ग्लेन मैक्ग्रा से सीखेंगे तेज गेंदबाजी के उन्नत गुर।

    3. गोपालगंज और बिहार के क्रिकेट के लिए यह बड़ी उपलब्धि।

    जागरण संवाददाता, गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के एक किसान के बेटे ने अपनी तेज रफ्तार गेंदबाजी के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है।

    हथुआ प्रखंड की खैरटिया पंचायत के फुलवारी गांव निवासी युवा तेज गेंदबाज रिंकल तिवारी का चयन देश के प्रतिष्ठित एमआरएफ हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए हुआ है।

    27 जुलाई से चेन्नई में शुरू होने वाले इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में देशभर के चुनिंदा तेज गेंदबाज हिस्सा लेंगे। कैंप में ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखने के साथ उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण भी देंगे।

    रिंकल के चयन की खबर मिलते ही गोपालगंज के खेल प्रेमियों, जिला क्रिकेट संघ और उनके गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इसे जिले के क्रिकेट इतिहास की बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं।

    किसान परिवार से निकलकर राष्ट्रीय मंच तक

    रिंकल तिवारी के पिता ऋषिदेव तिवारी पेशे से किसान हैं। खेती-किसानी के साथ वे पूजा-पाठ कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

    उनकी मां निर्मला देवी गृहिणी हैं। तीन भाइयों में सबसे छोटे रिंकल ने 12वीं तक की पढ़ाई की है। बड़े भाई ओंकार मणि तिवारी निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि मझले भाई अमन तिवारी बीए अंतिम वर्ष के छात्र हैं।

    सीमित आर्थिक संसाधनों के बावजूद परिवार ने रिंकल के क्रिकेट के सपने को टूटने नहीं दिया। रिंकल ने भी कठिन मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर अपने सपने को साकार करने की दिशा में लगातार कदम बढ़ाए।

    Rinkal 1

    (सचिव साकेत गिरी के साथ रिंकल तिवारी।)

    टेनिस बॉल क्रिकेट से शुरू हुआ सफर

    रिंकल वर्ष 2020-21 में मानिकपुर स्थित टुन्ना गिरी क्रिकेट एकेडमी से जुड़े। इससे पहले वे टेनिस बॉल क्रिकेट में अपनी तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते थे।

    जिला क्रिकेट संघ के सचिव एवं एकेडमी संचालक साकेत गिरी ने बताया कि गोपालगंज में आयोजित एक स्थानीय क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान पहली बार उनकी नजर रिंकल की गेंदबाजी पर पड़ी थी।

    उनकी स्वाभाविक गति और गेंद पर नियंत्रण को देखते हुए उन्हें एकेडमी में प्रशिक्षण लेने की सलाह दी गई। आर्थिक स्थिति को देखते हुए एकेडमी ने उनसे कोई प्रशिक्षण शुल्क नहीं लिया।

    नियमित अभ्यास, तकनीकी सुधार और व्यक्तिगत मार्गदर्शन के कारण उनकी गेंदबाजी में लगातार निखार आता गया।

    जिला टीम से बिहार टीम तक पहुंचे

    एकेडमी में शानदार प्रदर्शन के बाद रिंकल का चयन पहले गोपालगंज जिला क्रिकेट टीम में हुआ। इसके बाद उन्होंने बिहार की राज्य टीम में जगह बनाई और अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया।

    मार्च 2026 में उन्हें चेन्नई स्थित एमआरएफ पेस फाउंडेशन के ट्रायल के लिए बुलाया गया। पांच और छह मार्च को आयोजित ट्रायल में देशभर के तेज गेंदबाजों के बीच रिंकल ने अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। ट्रायल के बाद चयनित 15 खिलाड़ियों में उनका नाम भी शामिल रहा।

    खबरें और भी

    अब ग्लेन मैक्ग्रा देंगे प्रशिक्षण

    एमआरएफ पेस फाउंडेशन में चयन के बाद रिंकल को पुडुचेरी में आयोजित अंडर-19 इंडिया कैंप में भी प्रशिक्षण का अवसर मिला, जहां उन्होंने करीब एक माह तक अभ्यास किया।

    उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अब उन्हें 27 जुलाई से चेन्नई में शुरू होने वाले एमआरएफ हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए चुना गया है।

    इस प्रतिष्ठित कैंप में ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्रा युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा का मूल्यांकन करेंगे और उन्हें आधुनिक तेज गेंदबाजी की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण देंगे।

    'पहली नजर में दिख गई थी प्रतिभा'

    जिला क्रिकेट संघ के सचिव साकेत गिरी ने कहा कि रिंकल शुरू से ही बेहद अनुशासित और मेहनती खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब पहली बार उनकी गेंदबाजी देखी थी, तभी उनकी प्रतिभा का अंदाजा हो गया था। लगातार मेहनत और समर्पण ने आज उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।

    उन्होंने विश्वास जताया कि गोपालगंज के क्रिकेटर शाकिब के बाद अब रिंकल तिवारी भी जल्द ही आईपीएल और भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाएंगे।

    बिहार के लिए गौरव का क्षण

    बिहार से एमआरएफ हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

    क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि ग्लेन मैक्ग्रा जैसे महान तेज गेंदबाज के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिलने से रिंकल के खेल में और निखार आएगा।

    यदि उनका प्रदर्शन इसी तरह जारी रहा तो आने वाले वर्षों में वे न केवल आईपीएल बल्कि भारतीय राष्ट्रीय टीम तक का सफर भी तय कर सकते हैं। गोपालगंज और बिहार के क्रिकेट प्रेमियों को अब रिंकल तिवारी से बड़ी उम्मीदें हैं।

    यह भी पढ़ें- बिहार के वैभव सूर्यवंशी के बाद वासुदेव और रिंकल का कमाल, ऑस्ट्रेलिया में निखरेंगे दोनों तेज गेंदबाज