Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अरवल में तिरुपति की तर्ज पर बन रहा भव्य बालाजी वेंकटेश्वर धाम मंदिर, गोपुरम का निर्माण कार्य जारी

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 09:04 PM (IST)

    बिहार के अरवल जिले में मेहंदिया बाजार के पास स्थित बालाजी वेंकटेश्वर धाम मंदिर को तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। इसका निर्माण ...और पढ़ें

    बालाजी वेंकटेश्वर धाम मंदिर। फोटो जागरण

    बालाजी वेंकटेश्वर धाम मंदिर। फोटो जागरण

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, कलेर (अरवल)। बिहार के अरवल जिले के मेहंदिया बाजार के समीप स्थित बालाजी वेंकटेश्वर धाम मंदिर को तिरुपति बालाजी मंदिर की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। मंदिर की संरचना में तिरुपति बालाजी मंदिर की स्पष्ट झलक दिखने लगी है।

    परिसर का निर्माण दक्षिण भारतीय शैली में किया गया है, जो इसे अन्य मंदिरों से अलग बनाता है। विशेष रूप से मंदिर का गोपुरम (मुख्य द्वार) आकर्षण का केंद्र है, जिसका निर्माण कार्य जारी है। निर्माण पूरा होने के बाद इसकी भव्यता और बढ़ेगी।

    मंदिर की स्थापना वर्ष 1914 में स्वामी रंगरामानुजाचार्य जी महाराज द्वारा की गई थी। लगभग पांच बीघा क्षेत्र में फैला यह मंदिर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन चुका है।

    मंदिर परिसर में वैष्णव संप्रदाय से जुड़े विभिन्न देवी-देवताओं की सुंदर मूर्तियां स्थापित हैं, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रूप से आकर्षित करती हैं। यहां होने वाली पूजा-पद्धति भी पूरी तरह दक्षिण भारतीय वैष्णव परंपरा के अनुरूप है।

    यहां आने वाले श्रद्धालुओं को तिरुपति धाम जैसा आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त होता है। जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दक्षिण राष्ट्रीय राजमार्ग-139 पर स्थित इस मंदिर में प्रतिदिन जिले सहित आसपास के कई क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।

    भक्तजन मंदिर में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना करते हैं और माथा टेककर अपनी मनोकामनाएं मांगते हैं। श्रद्धालुओं के बीच यह मान्यता प्रचलित है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य फल देती है। स्थानीय मेघनाथ शर्मा, अजय गुप्ता सुबोध पाठक ने कहा कि इस मंदिर ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया है, बल्कि अरवल जिले को एक नई पहचान भी दी है।

    खबरें और भी

    विशेष पर्व-त्योहारों और आयोजनों के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब जाता है। तिरुपति की तर्ज पर विकसित बालाजी वेंकटेश्वर धाम मंदिर आने वाले समय में एक प्रमुख तीर्थ स्थल के रूप में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।