बिहार में बाढ़ का हाई अलर्ट: बहाव वाले क्षेत्र में नहाने और रील्स बनाने से बचने की सलाह, हेल्पलाइन नंबर जारी
जहानाबाद जिला प्रशासन नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रख रहा है और उदेरास्थान बराज का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन अलर्ट पर है।

बाढ़ से घिरा करपी का क्षेत्र। फोटो जागरण
HighLights
जिला प्रशासन नदियों के जलस्तर पर लगातार निगरानी कर रहा है।
उदेरास्थान बराज का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है।
आमजन से नदियों में स्नान व सेल्फी से बचने की अपील।
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। जिले की नदियों, बराज एवं पुल-पुलियों की स्थिति पर जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। बताया गया कि उदेरास्थान बराज का अपस्ट्रीम जलस्तर 81.83 मीटर दर्ज किया गया है, जो निर्धारित डेंजर लेवल 82.50 मीटर से 0.67 मीटर नीचे है।
बराज पर जलस्तर की वर्तमान प्रवृत्ति गिरावट दर्ज की गई है, किंतु जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले के जाफरगंज, शकुराबाद एवं साईं मंदिर स्थित लो-लेवल पुल-पुलियों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखी जा रही है।
पदाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण करते हुए जलस्तर एवं जलप्रवाह की स्थिति का लगातार आकलन करने तथा आवश्यकता के अनुरूप बैरिकेडिंग, रात्रि प्रकाश व्यवस्था, पुलिस बल एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, जल संसाधन विभाग एवं आपदा प्रबंधन शाखा को नदी तटों, निचले क्षेत्रों, पुल-पुलियों एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।
हेल्पलाइन पर करें कॉल
आमजन को व्यापक माइकिंग, मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जागरूक किया जा रहा है। आमजन से अपील की गई है कि नदियों एवं तेज जलप्रवाह वाले क्षेत्रों में स्नान, सेल्फी अथवा अनावश्यक रूप से जाने से बचें।
बच्चों को नदी एवं जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रखें तथा जलमग्न अथवा तेज बहाव वाले पुल-पुलियों को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन द्वारा की गई बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
किसी भी असामान्य स्थिति, जलजमाव अथवा जलस्तर में अचानक वृद्धि की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा जिला आपातकालीन संचालन केंद्र को दूरभाष संख्या 9431805088, 06114-295071 एवं 06114-295072 पर दें।
यह भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ के बीच वाटर पार्क बनीं सड़कें, भारी पड़ सकती है पानी में मस्ती; इन बातों का रखें ख्याल
