यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 04, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जहानाबाद में मंडराया बाढ़ का खतरा! 2016 जैसी बन रही स्थिति, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
Jehanabad Flood जहानाबाद जिले में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार जिले से बहने वाली नदियों में भारी ब ...और पढ़ें

HighLights
- बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
- 2016 के बाद अधिक तेज बहाव वाला जल प्रवाह
- आपात स्थिति से अविलंब निपटने का निर्देश जारी
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। Jehanabad Flood News कार्यपालक अभियंता बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्तारण प्रमंडल एकंगरसराय नालंदा द्वारा दूरभाष के माध्यम से संभावित बाढ़ की सूचना उपलब्ध कराई गई है, जिसके बाद जहानाबाद जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी किया है।
सूचना के मुताबिक, बिहार-झारखंड राज्य के सीमा पर अवस्थित घोड़ाघाट बियर पर जहानाबाद जिला से बहने वाली नदियों के कंटेनमेंट एरिया में अधिक वर्षा होने के कारण फॉलिंग शटर तोड़ते हुए जल प्रवाह आगे बढ़ा है। वर्ष 2016 के बाद यह सबसे अधिक तेज बहाव वाला जल प्रवाह है।
इस कारण हंटरगंज स्थान से उद्गम होने वाली मोर और पुनपुन नदी में चार अगस्त तक जहानाबाद जिला के क्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में पानी आने की संभावना है। मोरहर नदी से निकलने वाली अन्य नदियां दरधा, यमुना आदि में भी पर्याप्त मात्रा में पानी आने की संभावना है।
आपात स्थिति से अविलंब निपटने का निर्देश जारी
फल्गु नदी में तीन अगस्त की रात तक उदेरास्थान बराज तक पानी आने की संभावना है, जिसे स्थिति के अनुसार बराज का गेट खोलते हुए डाउनस्ट्रीम में प्रवाहित कर दिया जाएगा। हुलासगंज एवं माेदनगंज अंचल क्षेत्र के इन नदियों के जलस्तर में तेजी से बहाव की संभावना है।
खबरें और भी
इसको लेकर जिले के सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सूचना के आलोक में आवश्यक तैयारी रखते हुए पूर्णता उच्चतम चेतावनी के स्तर पर अपने-अपने तैयारी को सुनिश्चित रखेंगे एवं किसी भी प्रकार की आपात स्थिति से अविलंब निपटने के लिए कार्रवाई करेंगे।