जहानाबाद में बवाल के बाद एक्शन में IG विकास वैभव, 15 उपद्रवी अरेस्ट, कहा- हिंसा बर्दाश्त नहीं
मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव ने जहानाबाद में पेपर लीक मामले को लेकर हुए हिंसक प्रदर्शन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार् ...और पढ़ें

जहानाबाद में बवाल के बाद एक्शन में IG विकास वैभव, 15 उपद्रवी गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुए भारी उपद्रव, तोड़फोड़ और डीएम आवास पर पथराव की घटना की जांच को लेकर शुक्रवार को मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव जहानाबाद पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा जिले के वरीय पुलिस पदाधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और उपद्रव से हुए नुकसान का भी जायजा लिया।
मौके पर पत्रकारों से बातचीत में आईजी ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाना, तोड़फोड़ करना और कानून अपने हाथ में लेना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आईजी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान स्थिति अचानक हिंसक हो गई थी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। हालात को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को कई राउंड फायरिंग भी करनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने संयम के साथ स्थिति को नियंत्रित किया और अब पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले में 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान का कार्य लगातार जारी है।
खबरें और भी
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित कर रही है। जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आईजी ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को हिंसा फैलाने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या प्रशासनिक व्यवस्था को बाधित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने आम लोगों से भी शांति बनाए रखने तथा अफवाहों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि दोषियों को हर हाल में कानून के दायरे में लाया जाएगा। इस दौरान एसपी कोटा किरण कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।