Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमुई में 10 वर्षीय छात्र स्कूल से लापता, स्टेडियम से मिला बैग; पुलिस तलाश में जुटी

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 10:44 PM (IST)

    जमुई के कृष्णपट्टी स्थित राजकीय बुनियादी मध्य विद्यालय से 10 वर्षीय छात्र सुधांशु कुमार रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। ...और पढ़ें

    स्कूल से छात्र लापता। (फाइल फोटो)

    स्कूल से छात्र लापता। (फाइल फोटो)

    HighLights

    1. जमुई में 10 वर्षीय छात्र स्कूल से लापता।

    2. लापता छात्र का स्कूल बैग स्टेडियम से बरामद।

    3. पुलिस ने छात्र की तलाश और जांच शुरू की।

    संवाद सहयोगी, जमुई। नगर थाना क्षेत्र के राजकीय बुनियादी मध्य विद्यालय कृष्णपट्टी में पढ़ने वाला 10 वर्षीय छात्र गुरुवार को स्कूल जाने के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया।

    देर शाम तक घर नहीं लौटने पर स्वजनों ने सदर थाना पहुंचकर उसकी सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई। घटना के बाद पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुट गई है।

    लापता छात्र की पहचान गरही थाना क्षेत्र के गरही निवासी रोहित कुमार पंडित के 10 वर्षीय पुत्र सुधांशु कुमार के रूप में हुई है। वह राजकीय बुनियादी मध्य विद्यालय कृष्णपट्टी में कक्षा चार का छात्र है।

    स्वजनों के अनुसार, सुधांशु अपनी मौसी के घर रहकर पढ़ाई करता है और प्रतिदिन की तरह गुरुवार सुबह स्कूल गया था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा।

    स्वजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चला तो सदर थाना में लिखित आवेदन देकर पुलिस से मदद मांगी।

    आवेदन मिलते ही पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू कर दी और आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी। तलाशी अभियान के दौरान देर शाम सदर थाना क्षेत्र स्थित एसके मेमोरियल स्टेडियम से छात्र का स्कूली बैग बरामद हुआ।

    बैग मिलने से बढ़ी टेंशन

    बैग मिलने के बाद स्वजनों की चिंता और बढ़ गई। इसके बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की और कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।

    अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सतीश सुमन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरुवार को विद्यालय में शरारत करने पर प्रधानाध्यापक ने छात्र से अपने अभिभावक को स्कूल बुलाकर लाने के लिए कहा था।

    इसके बाद छात्र स्कूल की छुट्टी होने से पहले ही वहां से निकल गया और जमुई स्टेडियम पहुंच गया, जहां कुछ बच्चों ने उसे खेलते हुए देखा था।

    इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला है। बताया कि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। छात्र की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी और खोजबीन जारी है।

    यह भी पढ़ें- रोहतास में गायिका राधिका कुमारी की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव