जमुई में पीछे से आ रही कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौके पर मौत; मुआवजे को लेकर सड़क जाम
जमुई के मोहनपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और चालक की ...और पढ़ें

कार ने बाइक को मारी टक्कर
HighLights
जमुई में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को मारी टक्कर।
मोहनपुर निवासी शनिचर यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम।
संवाद सहयोगी, जमुई। मोहनपुर थाना क्षेत्र के कोहवरबा-झाझा मुख्य सड़क पर रविवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना से आक्रोशित स्वजनों और ग्रामीणों ने झाझा जाने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
कार ने पीछे से मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, मोहनपुर गांव निवासी शनिचर यादव बाइक से अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहनपुर गांव के समीप पीछे से आ रही अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़ मौके से फरार हो गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन घटनास्थल पर जुट गए। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुआवजे को लेकर लोगों ने किया सड़क जाम
आक्रोशित लोगों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम होने से झाझा मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो है और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सूचना पर मोहनपुर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंच लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। पुलिस फरार कार चालक और वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।
समाचार प्रेषण तक सड़क जाम जारी था और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटे थे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।