जमुई में सूने घर का फायदा उठाकर 7 साल की बच्ची से रेप, पॉक्सो एक्ट के तहत दरिंदा गिरफ्तार
जमुई के सिमुलतला में सात साल की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जागेश्वर राय को ...और पढ़ें

जमुई में सूने घर का फायदा उठाकर 7 साल की बच्ची से रेप
HighLights
सात साल की मासूम बच्ची से दुष्कर्म की घटना।
आरोपी जागेश्वर राय को पुलिस ने किया गिरफ्तार।
पीड़िता का इलाज जारी, एफएसएल टीम ने की जांच।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। थाना क्षेत्र के एक गांव में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। घर में अकेली पाकर गांव के ही जागेश्वर राय उर्फ डब्लू राय (28) ने एक सात वर्षीय मासूम बच्ची को अपनी दरिंदगी का शिकार बना डाला।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं पीड़िता की हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित पिता द्वारा थाने में दी गई लिखित शिकायत के अनुसार, घटना 30 जुलाई की दोपहर लगभग 12 बजे की है।
बताया गया है कि बच्ची के माता-पिता रोजाना की तरह मजदूरी करने गए हुए थे और बच्ची घर पर अकेली खेल रही थी। इसी बात का फायदा उठाकर उसी गांव के त्रिपेन राय के पुत्र जागेश्वर राय ने मासूम को बहला-फुसलाकर घर के पास स्थित झाड़ियों में ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
शाम को जब माता-पिता काम से वापस लौटे तो बच्ची की हालत देखकर उनके होश उड़ गए। पूछे जाने पर सहमी मासूम ने रो-रोकर आपबीती सुनाई। बच्ची की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल सिमुलतला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
खबरें और भी
वहीं, सिमुलतला पुलिस ने पीड़ित पिता के आवेदन पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापामारी कर आरोपित जागेश्वर राय को गिरफ्तार कर लिया।
घटना स्थल की बारीकी से जांच और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल की विशेष टीम भी गांव पहुंचकर जांच की। पुलिस कागजी प्रक्रिया पूरी कर बच्ची को बेहतर इलाज और मेडिकल जांच के लिए जमुई सदर अस्पताल ले जाने में जुटी है। मामले की जांच का जिम्मा महिला पुलिस अधिकारी नीलम कुमारी को सौंपा गया है।