'गोली मार देंगे...', जमुई में डायल-112 के पुलिसकर्मी ने युवक पर तानी पिस्टल; वीडियो वायरल
जमुई में डायल-112 पुलिस टीम का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिसकर्मी पिस्तौल निकालकर युवक को गोली मारने की धमकी दे रहा है। ...और पढ़ें
HighLights
डायल-112 पुलिसकर्मी ने युवक को पिस्तौल से धमकाया।
जमीन विवाद के दौरान हुई घटना का वीडियो वायरल।
पीड़ित ने पुलिस पर मारपीट और मिलीभगत का आरोप लगाया।
संवाद सहयोगी, जमुई। जिले में डायल-112 पुलिस टीम का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी कमर से पिस्तौल निकालकर सामने खड़े युवक को गोली मारने की धमकी देता दिखाई दे रहा है।
वहीं, मौके पर मौजूद कुछ युवक भी पुलिसकर्मी से तीखी नोकझोंक करते और गाली देते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मामला शहर के सिरचंद नवादा मोहल्ले का है।
जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को जमीन विवाद की सूचना मिलने पर डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और पुलिस तथा कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरु होकर हाथापाई तक पहुंच गई।
इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में सिरचंद नवादा निवासी पुरुषोत्तम कुमार ने पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल को लिखित आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
आवेदन में कहा गया है कि डायल-112 की टीम ने उन्हें फोन कर पुश्तैनी जमीन पर बुलाया था। जब वह वहां पहुंचे तो पुलिसकर्मियों के साथ बबलू पंडित, अमित कुमार, प्रकाश पंडित और संजय साव पहले से मौजूद थे।
पुरुषोत्तम कुमार का आरोप है कि वहां पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनकी नाक पर गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने दूसरे पक्ष से मिलीभगत कर उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
खबरें और भी
आवेदन में यह भी कहा गया है कि एक पुलिसकर्मी ने कमर से पिस्तौल निकालकर जान से मारने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उन्होंने घटना का वीडियो होने का भी दावा किया है।
पीड़ित ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, वायरल वीडियो की सत्यता की जांच तथा दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इधर, घटना के बाद वायरल वीडियो को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं।
एसपी विश्वजीत दयाल ने बताया कि वीडियो में कुछ लोग आक्रामक होकर पुलिस के साथ गाली-गलौज भी कर रहे हैं। वैसे हम मामले को देख रहे हैं।