Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमुई में भ्रष्टाचार का डबल गेम: एक ही तालाब की 2 बार खोदाई, योजना का नाम बदलकर राशि की निकासी

    Updated: Mon, 30 Mar 2026 06:25 PM (GMT+05:30)

    गिद्धौर प्रखंड के रतनपुर पंचायत में एक ही तालाब की खुदाई के लिए दो बार राशि निकालने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता अरुण कुमार यादव ने जिल ...और पढ़ें

    तालाब के नाम पर ठगी। (जागरण)

    तालाब के नाम पर ठगी। (जागरण)

    HighLights

    1. एक ही तालाब की खुदाई पर दो बार राशि निकासी।

    2. योजना का नाम बदलकर 4.3 लाख रुपये से अधिक का गबन।

    3. पंचायत रोजगार सेवक और बिचौलियों की मिलीभगत से घोटाला।

    संवाद सूत्र, गिद्धौर (जमुई)। भ्रष्टाचार के नए-नए हथकंडों के बीच गिद्धौर प्रखंड के ग्राम पंचायत राज रतनपुर के वार्ड नं. 11 से एक ही योजना का नाम बदलकर दोबारा राशि निकासी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

    इस संबंध में अरुण कुमार यादव ने जिलाधिकारी एवं उपविकास आयुक्त जमुई को पत्र भेजकर पूरे मामले की जांच की मांग की है।

    शिकायतकर्ता के अनुसार, कृपा आहर की खोदाई का कार्य वर्ष 2022-23 में योजना कोड एनसी/20527870 के तहत पूरा किया गया था। इस कार्य में 210 मजदूरों की संख्या दर्शाते हुए 2,80,402 रुपये की राशि की निकासी की गई थी।

    आरोप है कि इसी आहर का नाम बदलकर नवकडीह आहर कर दिया गया और नया कार्य कोड 0550004005/डब्ल्यूएच/49425 जारी कर पुनः 1,51,000 रुपये की निकासी कर ली गई।

    सरकारी राशि का दुरुपयोग

    शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इस पूरे मामले में पंचायत रोजगार सेवक और बिचौलियों की मिलीभगत है। उनके अनुसार, पंचायत में महिलाओं के नाम पर फर्जी मनरेगा आईडी बनाकर पुरानी योजनाओं की तस्वीरें दोबारा अपलोड की जा रही हैं और सरकारी राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।

    मामले को गंभीर बताते हुए शिकायतकर्ता ने जमुई के जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त से पंचायत भर में चल रही सभी मनरेगा योजनाओं की स्थलीय जांच कराने की मांग की है।

    यह भी पढ़ें- जमुई में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई: 22 दिनों में 115 उपभोक्ताओं पर FIR दर्ज; बकायेदारों में हड़कंप

    मामले की जानकारी नहीं है। शिकायतकर्ता द्वारा जानकारी दिए जाने पर इसकी विभागीय जांच कराई जाएगी।

    -

    संजीव कुमार सिंह, पीओ, गिद्धौर