जमुई में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई: 22 दिनों में 115 उपभोक्ताओं पर FIR दर्ज; बकायेदारों में हड़कंप
जमुई में बिजली विभाग ने बकाया बिल और बिजली चोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। 22 दिनों में 115 उपभोक्ताओं पर एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे जिले में हड़ ...और पढ़ें
-1774864836073_m.webp)
बिजली विभाग ने की कार्रवाई। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
बिजली विभाग ने बकाया और चोरी पर सख्त कार्रवाई की।
22 दिनों में 115 उपभोक्ताओं पर एफआईआर दर्ज हुई।
20 हजार से अधिक बकाया पर कनेक्शन काटे जा रहे।
संवाद सहयोगी, जमुई। जिले में बिजली विभाग इन दिनों बकाया बिल और बिजली चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत महज 22 दिनों में 115 उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिससे जिले भर में हड़कंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, विभिन्न प्रखंडों में बिजली चोरी करते पकड़े गए उपभोक्ताओं पर कानूनी कार्रवाई की गई है।
विभाग के अनुसार, जमुई शहरी क्षेत्र में नौ, जमुई ग्रामीण में पांच, खैरा में नाै, गिद्धौर में 13, लक्ष्मीपुर में 18, बरहट में 11, झाझा में तीन, सोनो में पांच, चकाई में 14, अलीगंज में 17 तथा सिकंदरा में 11 उपभोक्ताओं पर केस दर्ज किया गया है।
विभागीय सूत्रों के मुताबिक, मार्च माह के लिए करीब 13 करोड़ 50 लाख रुपये के राजस्व संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बकाया रखने वालों के काटे जा रहे कनेक्शन
इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए कार्यपालक अभियंता से लेकर कनीय अभियंता तक सभी अधिकारी सक्रिय रूप से अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में 20 हजार रुपये से अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन लगातार काटे जा रहे हैं।
विभागीय टीमें रोजाना अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। विभाग की इस सख्ती को लेकर आम लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
जहां एक ओर विभाग इसे राजस्व वसूली और बिजली चोरी रोकने के लिए जरूरी कदम बता रहा है, वहीं दूसरी ओर उपभोक्ताओं में चिंता का माहौल भी देखा जा रहा है।
बिजली विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर अपना बिजली बिल जमा करें और किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचें, अन्यथा उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई के साथ कनेक्शन काटा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- नीतीश कुमार के इस्तीफे पर रोने लगे अशोक चौधरी, पटना में बोले- वह कोई नॉर्मल आदमी नहीं