Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमुई: प्रदर्शन के बाद छात्रों का हंगामा, सांसद-मंत्री के पोस्टर फाड़े, पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी, 8 उपद्रवी गिरफ्तार

    Updated: Fri, 24 Jul 2026 09:12 PM (GMT+05:30)

    जमुई में नीट पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्श ...और पढ़ें

    जमुई में उग्र प्रदर्शन हुआ।

    जमुई में उग्र प्रदर्शन हुआ।

    HighLights

    1. नीट पेपर लीक पर जमुई में छात्रों का प्रदर्शन।

    2. शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद महिसौड़ी चौक पर हिंसा।

    3. सांसद-मंत्री के पोस्टर फाड़े, आठ उपद्रवी गिरफ्तार।

    संवाद सहयोगी, जमुई। नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग और जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध दिल्ली से शुरू होकर अब जमुई भी पहुंच गया है। शुक्रवार शाम 4 बजे से कचहरी चौक पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, जो शाम 6 बजे तक चला।

    कचहरी चौक पर शांतिपूर्ण शुरुआत

    कचहरी चौक पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंचे और 'इंकलाब जिंदाबाद' व 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे लगाए। छात्रों की भारी भीड़ को देखते हुए एसडीपीओ सतीश सुमन और टाउन थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल व मजिस्ट्रेट के साथ तैनात रहे।

    एंबुलेंस को दिया रास्ता, राष्ट्रगान से समापन

    प्रदर्शन के दौरान पुलिस यातायात बहाल कराती रही, वहीं फायर ब्रिगेड और ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान छात्रों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सड़क पर फंसी एंबुलेंस को रास्ता दिया और अंत में राष्ट्रगान के साथ कचहरी चौक के प्रदर्शन का समापन किया।

    महिसौड़ी चौक पर फिर हुआ हंगामा

    कचहरी चौक पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन समाप्त होने के बाद छात्रों का एक समूह अचानक उपद्रव पर उतर आया और महिसौड़ी चौक पहुंच गया। आक्रोशित तत्वों ने स्थानीय सांसद अरुण भारती और मंत्री श्रेयसी सिंह के लगे होर्डिंग-पोस्टर को ईंट-पत्थर से निशाना बनाकर फाड़ डाला।

    खबरें और भी

    पुलिस बैरिकेडिंग में की तोड़फोड़

    उपद्रवियों ने महिसौड़ी चौक पर लगे पुलिस बैरिकेडिंग और ट्रैफिक सिग्नल को भी निशाना बनाते हुए भारी तोड़फोड़ की। काफी देर तक चौक पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ दिया।

    पुलिस छावनी में बदला महिसौड़ी चौक

    घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी नवीन, एसपी विश्वजीत दयाल, एसडीओ सौरव कुमार और एसडीपीओ सतीश सुमन भारी पुलिस बल के साथ महिसौड़ी चौक पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर पूरा महिसौड़ी चौक पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

    आठ उपद्रवी गिरफ्तार, जांच जारी

    शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद हुई इस हिंसा और तोड़फोड़ की घटना को पुलिस प्रशासन ने बेहद गंभीरता से लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से आठ शरारती तत्वों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान में जुटी है।

    कुछ शरारती तत्वों द्वारा महिसौड़ी चौक पर उपद्रव किया गया और कानून को हाथ में लेने का प्रयास किया गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूरी घटना की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल हालात पूरी तरह सामान्य हैं।

    -

    — नवीन, जिलाधिकारी (DM), जमुई