Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमुई मरकट्टा तालाब में बच्चे के डूबने की अफवाह पर मचा हड़कंप; SDRF टीम ने चलाया 3 घंटे सर्च अभियान, सुराग नहीं

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 02:39 PM (IST)

    जमुई के मरकट्टा गांव में तालाब में बच्चे के डूबने की अफवाह फैलने से हड़कंप मच गया, जिसके बाद एसडीआरएफ और पुलिस ने तीन घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। ...और पढ़ें

    मरकट्टा गांव की महिलाओं ने तालाब में बच्चे के डूबने का किया था दावा; सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व SDRF

    मरकट्टा गांव की महिलाओं ने तालाब में बच्चे के डूबने का किया था दावा; सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस व SDRF

    HighLights

    1. जमुई के तालाब में बच्चे के डूबने की अफवाह।

    2. एसडीआरएफ और पुलिस ने तीन घंटे तलाशी अभियान चलाया।

    3. कोई बच्चा नहीं मिला, न ही लापता होने की पुष्टि।

    संवाद सहयोगी, जमुई। जमुई नगर थाना क्षेत्र के मरकट्टा गांव में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के पास स्थित तालाब में एक बच्चे के डूबने की आशंका जताई जाने लगी। घटना की खबर फैलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और तालाब में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। हालांकि, घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद न तो किसी बच्चे का कोई सुराग मिला और न ही किसी बच्चे के लापता होने की आधिकारिक पुष्टि हो सकी है।

    महिलाओं का दावा- 4 में से 3 बच्चे भागे, 1 तालाब में डूबा

    ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव की कुछ महिलाओं ने दावा किया था कि उन्होंने तालाब के पास चार बच्चों को देखा था। महिलाओं का कहना है कि अचानक एक बच्चा पानी में डूबने लगा और बाकी तीन बच्चे डरकर वहां से भाग गए।

    हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस को अब तक ऐसा कोई प्रत्यक्षदर्शी या साथी बच्चा नहीं मिला है जो इस घटना की आधिकारिक पुष्टि कर सके। महिलाएं यह भी बता रही हैं कि बच्चे पहले खेत की ओर गए थे और बाद में तालाब किनारे पहुंचे थे।

    3 घंटे तक SDRF का तलाशी अभियान, जुटी ग्रामीणों की भारी भीड़

    घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों ने लगातार तीन घंटे से अधिक समय तक तालाब के कोने-कोने और गहरे पानी में सर्च अभियान चलाया, लेकिन टीम के हाथ कोई सफलता नहीं लगी।

    खबरें और भी

    इस दौरान तालाब के चारों ओर सैकड़ों ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा रही, जो किसी अनहोनी की आशंका के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए थे।

    किसी परिवार ने नहीं दी बच्चे के लापता होने की सूचना

    पुलिस टीम आसपास के इलाकों और पड़ोसी गांवों में भी लगातार पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है कि कहीं किसी घर से कोई बच्चा गायब तो नहीं है। लेकिन देर शाम समाचार लिखे जाने तक किसी भी परिवार ने अपने बच्चे के लापता होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।

    ऐसे में यह पूरा मामला फिलहाल सिर्फ एक आशंका और अफवाह के दायरे में है। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।