Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आसनसोल रेल मंडल ने शुरू की बड़ी तैयारियां, गया-झाझा पैसेंजर का देवघर विस्तार; सिमुलतला व लाहाबन स्टेशन की भी चर्चा

    Updated: Sat, 27 Jun 2026 08:40 PM (GMT+05:30)

    सांसद अरुण भारती ने केंद्रीय रेल मंत्री से जमुई में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग की है, जिसमें टेलवा बाजार स्टेशन का उन्नयन और नई ट्रेनों का ठहराव ...और पढ़ें

    सिमुलतला और लाहाबन रेलवे स्टेशन के यात्रियों के लिए खुशखबरी, आसनसोल रेल मंडल ने शुरू की ये बड़ी तैयारियां

     सिमुलतला और लाहाबन रेलवे स्टेशन के यात्रियों के लिए खुशखबरी, आसनसोल रेल मंडल ने शुरू की ये बड़ी तैयारियां

    संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। बिहार के रेल यात्रियों, विशेषकर जमुई संसदीय क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। टेलवा बाजार रेलवे स्टेशन के कायाकल्प और क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर जमुई के सांसद अरुण भारती ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर एक मांग-पत्र सौंपा है।

    बिहार की सबसे बड़ी ग्राम पंचायतों में से एक है टेलवा बाजार, सुविधाएं शून्य

    सांसद अरुण भारती ने बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन द्वारा दिए गए आवेदन का संज्ञान लेते हुए केंद्रीय मंत्री से टेलवा बाजार हाल्ट को पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन में अपग्रेड करने की जोरदार मांग की है। सांसद ने रेल मंत्री को अवगत कराया कि आबादी के लिहाज से टेलवा बाजार बिहार की सबसे बड़ी ग्राम पंचायतों में से एक है, लेकिन इसके बावजूद यहां पर्याप्त यात्री सुविधाओं और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का अब तक घोर अभाव है।

    इन प्रमुख एक्सप्रेस और मेमू ट्रेनों के ठहराव व विस्तार की उठी मांग

    सांसद ने रेल मंत्रालय के समक्ष जो प्रमुख मांगें रखी हैं, उनमें ट्रेन संख्या 18183/84 टाटानगर-बक्सर एक्सप्रेस तथा 19603/04 गोड्डा-दौराई एक्सप्रेस का टेलवा बाजार स्टेशन पर नियमित ठहराव शामिल है। इसके अलावा गया-झाझा मेमू (63315/16) को देवघर जंक्शन तक तथा पटना-जसीडीह मेमू एक्सप्रेस (13207/08) को बांका तक विस्तारित करने का प्रस्ताव भी दिया गया है ताकि जमुई और बांका जिलों के बीच सीधा रेल संपर्क बन सके।

    स्टेशन पर डिजिटल सूचना प्रणाली और आरक्षित टिकट काउंटर बनाने की वकालत

    यात्रियों की मूलभूत परेशानियों को देखते हुए सांसद ने स्टेशन पर शुद्ध पेयजल, प्रतीक्षालय (Waiting Room), शौचालय, प्लेटफार्म शेड, डिजिटल सूचना प्रणाली तथा आरक्षित टिकट बुकिंग काउंटर की व्यवस्था जल्द सुनिश्चित करने की मांग भी रेल मंत्री के सामने उठाई है, जिससे हजारों दैनिक यात्रियों को टिकट लेने और ट्रेन की जानकारी में आसानी हो सके।

    खबरें और भी

    आसनसोल रेल मंडल ने शुरू की पहल, लग गया पब्लिक एड्रेस सिस्टम

    इस बीच पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल प्रशासन ने भी इस रूट पर यात्री सुविधाओं को लेकर अपने कदम बढ़ाने शुरू कर दिए हैं। वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, टेलवा बाजार स्टेशन के दोनों प्लेटफार्म पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम (ट्रेन उद्घोषणा प्रणाली) लगाने का कार्य पूरी तरह से संपन्न कर लिया गया है। तकनीकी प्रक्रिया पूरी होते ही ट्रेनों की नियमित घोषणाएं शुरू हो जाएंगी।

    सिमुलतला और लाहाबन स्टेशन को भी मिलेंगी नई सुविधाएं

    इसके अलावा सिमुलतला स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-02 पर यात्रियों की सहूलियत के लिए ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) तथा शीतल पेयजल (Water Cooler) की व्यवस्था किए जाने की तैयारी अंतिम चरण में है। वहीं, लाहाबन स्टेशन पर स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नए कूड़ेदान रखवा दिए गए हैं और वहां दो नए आधुनिक शौचालयों के निर्माण का प्रस्ताव भी मंडल प्रशासन को भेजा गया है।