जमुई रेलवे स्टेशन पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा गायब, मरम्मत या लापरवाही- सवालों के घेरे में रेल प्रशासन
जमुई रेलवे स्टेशन से 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा एक सप्ताह से गायब है, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों में नाराजगी है। यह झंडा स्टेशन की पहचान था। लोग इ ...और पढ़ें

जमुई स्टेशन से तिरंगा गायब, एक सप्ताह से खाली पोल पर उठे सवाल
HighLights
जमुई स्टेशन से 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा एक सप्ताह से गायब।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने जताई नाराजगी, इसे गंभीर लापरवाही बताया।
स्टेशन प्रबंधक ने कहा, पुराना झंडा बदला जा रहा, नया जल्द लगेगा।
संवाद सूत्र, बरहट (जमुई)। जमुई रेलवे स्टेशन पर बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। स्टेशन परिसर में देशभक्ति की भावना को जागृत करने के उद्देश्य से लगाया गया 100 फीट ऊंचा तिरंगा झंडा पिछले एक सप्ताह से अपने स्टैंड पर नहीं दिखाई दे रहा है।
इससे न केवल स्टेशन की सुंदरता प्रभावित हुई है, बल्कि स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। दूर से नजर आने वाला यह तिरंगा स्टेशन की पहचान और शान माना जाता था, जो अब गायब है।
यात्रियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी
रविवार को जब यात्रियों और स्थानीय लोगों ने तिरंगे को निर्धारित पोल पर नहीं देखा तो उन्होंने इस पर गहरी आपत्ति जताई। स्थानीय ग्रामीण विजय सिंह, रामदेव राव, अमित मानकर, सुबोध सिंह और बबन गुप्ता सहित कई लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताया है।
लापरवाही पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि तिरंगे का इस तरह से गायब होना न केवल खलता है, बल्कि संबंधित विभाग की उदासीनता को भी दर्शाता है। उनका कहना है कि यदि किसी कारणवश झंडा उतारा गया है, तो इतने लंबे समय तक पोल को खाली नहीं छोड़ा जाना चाहिए था।
सुंदरीकरण पर खर्च, लेकिन रखरखाव में कमी
स्थानीय लोगों ने कहा कि एक ओर स्टेशन के सुंदरीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर देश के गौरव के प्रतीक तिरंगे के रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। इस स्थिति ने लोगों में नाराजगी और सवाल दोनों खड़े कर दिए हैं।
खबरें और भी
जल्द पुनः लगाने की मांग
ग्रामीणों ने स्टेशन प्रबंधन से मांग की है कि जल्द से जल्द तिरंगा पुनः लगाया जाए ताकि स्टेशन की गरिमा और पहचान बनी रहे। लोगों का कहना है कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की शान और सम्मान का प्रतीक है, जिसकी अनदेखी नहीं होनी चाहिए।
स्टेशन प्रबंधन ने दी सफाई
इस संबंध में स्टेशन प्रबंधक नीतीश कुमार ने बताया कि पुराने तिरंगे को बदलने के लिए उतारा गया था। उन्होंने कहा कि नया तिरंगा लगाने की प्रक्रिया चल रही है और एक-दो दिन के भीतर स्टेशन परिसर में फिर से शान से तिरंगा फहरता नजर आएगा।