Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'पैसे नहीं दिए तो छापामारी...', जमुई में पुलिस के नाम पर वसूली का ऑडियो वायरल, बालू कारोबारी से मांगे गए पैसे 

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 08:47 PM (IST)

    जमुई में बालू कारोबारियों से बटिया थाना के नाम पर अवैध वसूली का एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें पुलिस कार्रवाई की धमकी देकर पैसे मांगने की बात सामने आई ह ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर

    सांकेतिक तस्वीर

    HighLights

    1. बटिया थाना के नाम पर अवैध वसूली का ऑडियो वायरल।

    2. बालू कारोबारियों से पैसे मांगने और धमकी देने का आरोप।

    3. एसडीपीओ राजेश कुमार ने जांच के आदेश दिए।

    संवाद सहयोगी, जमुई। जिले के बटिया थाना के नाम पर बालू ढुलाई के एवज में कथित रूप से अवैध वसूली किए जाने का एक ऑडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल ऑडियो में 'बबलू' और 'आरिफ' नामक दो लोगों के बीच हुई कथित बातचीत सुनाई दे रही है।

    हालांकि, दैनिक जागरण इस वायरल ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वायरल ऑडियो में कथित तौर पर ट्रैक्टर से बालू ढुलाई करने के बदले पैसे मांगने की बात सामने आई है।

    बालू कारोबार में अवैध वसूली

    बातचीत के दौरान बबलू ऑनलाइन भुगतान करने के साथ-साथ नकद राशि देने की भी चर्चा करता सुनाई दे रहा है। वहीं आरोप है कि बाइक से बालू ढुलाई करने वालों से भी कथित रूप से रूपये वसूले जा रहे थे।

    ऑडियो में कथित तौर पर आरिफ, बबलू से यह भी कहता सुनाई देता है कि वह मुबारक को हटाकर उसे ही हेड बना देगा। इतना ही नहीं, बातचीत में बबलू पर दबाव बनाने और पुलिस कार्रवाई का भय दिखाने की भी बात सामने आती है।

    पुलिस के नाम पर वसूली 

    कथित रूप से आरिफ यह कहते हुए सुनाई देता है कि यदि पुलिस की बात नहीं मानी गई और पैसे नहीं दिए गए तो दुर्गा पूजा से पहले छापामारी कर वाहन पकड़ लिए जाएंगे।

    बातचीत के दौरान एक अन्य हिस्सा भी चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसमें आरिफ कथित रूप से बबलू को सलाह देता है कि पुलिस की गाड़ी दिखाई दे तो वह किनारे हो जाए।

    इसके जवाब में बबलू कहता है कि पुलिस वाहन देखते ही वह स्वयं रास्ते से हट जाता है। इधर, सूत्रों के अनुसार, वायरल हो रहा यह कथित ऑडियो पिछले वर्ष का बताया जा रहा है।

    साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि वर्तमान समय में बटिया थाना में आरिफ नाम का कोई पुलिसकर्मी या पदाधिकारी पदस्थापित नहीं है। ऐसे में ऑडियो की प्रामाणिकता और उसमें शामिल व्यक्तियों की पहचान जांच का विषय बनी हुई है।

    खबरें और भी

    इस संबंध में झाझा के एसडीपीओ राजेश कुमार ने कहा कि वायरल ऑडियो उनके संज्ञान में आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- पाटलिपुत्र टाउनशिप का मास्टरप्लान तैयार, 81730 एकड़ भूमि होगी अधिग्रहित; जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक हटी