'प्रिंसिपल उतरवाती हैं हिजाब', जमुई के स्कूल में बवाल; छात्राओं और अभिभावकों ने किया हंगामा
जमुई के गरही स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में छात्राओं और अभिभावकों ने प्राचार्य पर हिजाब हटाने, अभद्र व्यवहार और फीस में धांधली के गंभीर आरोप लगाए हैं ...और पढ़ें

जमुई के गरही स्कूल में हिजाब और फीस को लेकर छात्राओं का हंगामा
HighLights
छात्राओं ने प्राचार्य पर हिजाब हटाने को कहने का आरोप लगाया।
फीस और पहचान पत्र में अधिक पैसे लेने की शिकायतें।
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मामले की जांच का आश्वासन दिया।
संवाद सहयोगी, जमुई। जिले के खैरा प्रखंड अंतर्गत गरही स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कई छात्राओं और उनके अभिभावकों ने विद्यालय की प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय की प्राचार्य नंदनी मैडम उन्हें चेहरे से हिजाब हटाकर विद्यालय आने के लिए कहती हैं।
छात्राओं का कहना है कि यदि वे हिजाब पहनकर स्कूल आती हैं तो उन्हें पढ़ाई करने से मना किया जाता है। इस मामले को लेकर विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने भी नाराजगी जताते हुए विरोध दर्ज कराया।
छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्राचार्य कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार करती हैं और विरोध करने पर हाथ भी उठाती हैं। एक छात्रा ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद उन्होंने अपने पैसे से स्कूल ड्रेस खरीदी है, लेकिन यदि किसी दिन ड्रेस पहनकर नहीं पहुंचती हैं तो उन्हें डांटने के साथ मारपीट भी की जाती है।
विद्यालय की 11वीं और 12वीं कक्षा की छात्राओं ने फीस वसूली को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि नामांकन एवं अन्य मदों में 1,200 रुपये लिए जाते हैं, जबकि रसीद केवल 800 रुपये की दी जाती है।
छात्राओं के अनुसार, विद्यालय में 11वीं और 12वीं कक्षा में लगभग 30 छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि 20 रूपये का बनने वाला पहचान पत्र (आईडी कार्ड) 80 रूपये लेकर दिया जाता है।कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि हिजाब पहनकर आने पर उन्हें डांटा गया और मारपीट की गई।
खबरें और भी
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार पासवान ने बताया कि फेस रिकाग्निशन सिस्टम के तहत छात्रों की टैबलेट से फोटो ली जाती है। इसी प्रक्रिया के दौरान शिक्षकों द्वारा छात्रों से मास्क या हिजाब कुछ समय के लिए हटाने को कहा जाता है, ताकि फोटो स्पष्ट रूप से ली जा सके।
उन्होंने कहा कि फीस में अधिक राशि लेने और अन्य आरोपों की शिकायत भी मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है और अभिभावक निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।