विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हाथ जोड़कर रहम मांगती रही छात्रा, बैड टच करते रहे मनचले! ब‍िहार में छात्रा से दरिंदगी पर DM सख्त; SP ने बनाई SIT

Published: Mon, 21 Sep 2026 11:23 AM (IST)Updated: Mon, 21 Sep 2026 03:56 PM (IST)

Jamui Viral Video Case: जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ मनचलों द्वारा बदसलूकी और 'बैड टच' का वीडियो वायरल होने ...और पढ़ें

HighLights

  1. जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से मनचलों ने की बदसलूकी।

  2. घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल।

  3. पुलिस ने POCSO के तहत 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार।

संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Viral Video Case: कानून का कोई खौफ नहीं, न लोकलाज का डर। सड़क से गुजरते दो सहमे हुए स्कूली बच्चे और उनके गिर्द भेड़ियों की मानिंद घेरा डाले मनचलों का झुंड। बिहार के जमुई जिले से सामने आई एक शर्मनाक तस्वीर ने न केवल पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिलाकर रख दिया है, बल्कि सभ्य समाज के माथे पर भी गहरा कलंक लगा दिया है।

19 सितंबर की शाम जब एक नाबालिग छात्र और छात्रा अपनी स्कूटी से घर की ओर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते में घात लगाए खड़े 6-7 शोहदों ने उन्हें जबरन रोक लिया। इसके बाद खाकी और कानून को ठेंगा दिखाते हुए उन मासूमों के साथ जो सुलूक किया गया, उसकी दास्तान रूह कंपा देने वाली है।

आरोपितों ने न केवल दोनों बच्चों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की, बल्कि नाबालिग छात्रा के साथ ‘बैड टच’ कर उसकी अस्मत और गरिमा को सरेराह तार-तार करने का कुत्सित प्रयास किया।

छात्रा हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही, मासूम रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन मनचलों की दरिंदगी नहीं थमी। वे बेशर्मी से इस पूरी घिनौनी हरकत का मोबाइल से वीडियो बनाते रहे और बाद में उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर अपनी हनक दिखाने की कोशिश की।

जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने लिया संज्ञान

सड़क पर मचे इस नंगे नाच का वीडियो जैसे ही इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ, पूरे जिले में जनाक्रोश भड़क उठा। हालांकि, सामाजिक संकोच और लोकलाज के भय से पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तुरंत कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। लेकिन मामले की संवेदनशीलता और भयावहता को भांपते हुए जिलाधिकारी नवीन ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और पुलिस महकमे को स्वतः आगे बढ़कर कठोर कार्रवाई का हुक्म दिया।

जिलाधिकारी नवीन के निर्देश पर जमुई सदर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो की तकनीकी पड़ताल शुरू की। साइबर सेल और गुप्तचरों की मदद से पुलिस ने पीड़ित छात्र-छात्रा का पता लगाया और उनके घर जाकर अत्यंत गोपनीय व संवेदनशील माहौल में उनका बयान दर्ज किया। इसके बाद सदर थाने में पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और बीएनएस की सुसंगत गैर-जमानती धाराओं के तहत विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

Jamui Viral Video Minors Harassed Police Act on DM Order

आरोपितों के गिरेबान तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल मनचलों की पहचान पूरी कर ली है। जांच में सामने आया है कि 6 से 7 युवक इस अपराध में सक्रिय थे, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि वीडियो बनाकर किस मंशा से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, ताकि साइबर अपराध की धाराओं को भी मुकदमे में जोड़ा जा सके।

प्रशासन ने छात्र-छात्रा की मानसिक स्थिति और सामाजिक सम्मान को देखते हुए उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी है। साथ ही आम अवाम से अपील की गई है कि कानूनन किसी भी नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाला वीडियो साझा न करें।

घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, होगी नजीर बनने वाली कार्रवाई

पुलिस कप्तान (एसपी) विश्वजीत दयाल ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने और नाबालिगों की गरिमा से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि पुलिस पीड़ितों की सुरक्षा और पहचान की गोपनीयता को लेकर पूरी तरह सतर्क है। मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी नामजद आरोपितों को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।

वीडियो में दिखे छह आरोपित, सभी की हुई पहचान

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि यह शर्मनाक वारदात 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है। दोनों नाबालिग दोस्त (एक लड़का और एक लड़की) कोचिंग में पढ़ाई खत्म करने के बाद जमुई थाना क्षेत्र अंतर्गत एक इलाके में फोटोशूट कराने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद स्थानीय युवकों के एक झुंड ने दोनों को अकेले पाकर घेर लिया और उनके साथ अमर्यादित व अशोभनीय व्यवहार किया।

SIT गठित, तीन आरोपित गिरफ्तार

नाबालिग छात्रा और उसके मित्र से अभद्रता के वायरल वीडियो पर जमुई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के निर्देश पर एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में विशेष एसआईटी टीम गठित की गई है। पुलिस ने पोक्सो (POCSO) और बीएनएस की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपितों की धरपकड़ के लिए छापेमारी जारी है तथा वीडियो को सोशल मीडिया से हटवाया जा रहा है

यह भी पढ़ें- बिहार में छात्रा से बैड टच पर बढ़ा सियासी पारा! राहुल गांधी का सरकार से सवाल- दो दिनों तक पुल‍िस क्‍या कर रही थी?

यह भी पढ़ें- जमुई में युवती से छेड़खानी मामले पर महिला आयोग सख्त, अध्‍यक्ष ने कहा- दोषी कोई भी हो, बख्‍शे नहीं जाएंगे

"आज सुबह एक वीडियो संज्ञान में आया था, जिसमें दो नाबालिग छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की बात सामने आई थी। इसके आधार पर मैंने तुरंत विक्टिम की पहचान कराई और उनका बयान लिया गया। जानकारी मिली कि यह घटना 19 सितंबर की शाम करीब सात बजे की है। दोनों दोस्त कोचिंग के बाद फोटोशूट कराने गए थे। यह जमुई थाना क्षेत्र की घटना है। पीड़ित पक्ष ने आवेदन दे दिया है और प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वीडियो फ्रेम में छह लोग दिख रहे हैं। सभी आरोपितों की पहचान हो चुकी है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। तीन आरोप‍ित पकड़े गए हैं। पूछताछ की जा रही है।"

-

— विश्वजीत दयाल, पुलिस अधीक्षक (एसपी), जमुई

"यह घटना 19 सितंबर की शाम जमुई सदर थाना क्षेत्र की है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया। दोनों नाबालिगों की पहचान कर उनका पक्ष जाना गया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। नाबालिगों की निजता का पूरा ध्यान रखते हुए सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।"

-

— नवीन, जिलाधिकारी, जमुई