Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Para Athletics 2025: बिहार के बेटे ने देश को दिलाया पहला स्वर्ण पदक, अब CM नीतीश ने खोल दिया पिटारा

    Updated: Sun, 28 Sep 2025 03:58 PM (IST)

    जमुई के शैलेश कुमार ने दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। उन्होंने T42 श्रेणी की हाई जंप में ...और पढ़ें

    किसान परिवार में जन्मे शैलेश की ऊंची उड़ान। फाइल फोटो
    किसान परिवार में जन्मे शैलेश की ऊंची उड़ान। फाइल फोटो

    HighLights

    1. शैलेश कुमार ने जीता स्वर्ण पदक |
    2. 1.91 मीटर की छलांग लगाकर रिकॉर्ड |
    3. सरकार देगी 75 लाख का पुरस्कार |

    संवाद सूत्र, अलीगंज (जमुई)। दिल्ली में आयोजित 12वीं वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 में बिहार के जमुई जिले के शैलेश कुमार ने भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया है। T42 श्रेणी की हाई जंप प्रतियोगिता में उन्होंने 1.91 मीटर ऊंची छलांग लगाकर नया चैंपियनशिप रिकार्ड बनाया। यह उपलब्धि न केवल बिहार, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है।

    लगातार तीन बार तोड़ा रिकार्ड

    बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रविंद्र शंकरण ने बताया कि शैलेश ने इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहले 1.85 मीटर, फिर 1.88 मीटर और अंत में 1.91 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

    संघर्ष और प्रेरणा से भरा रहा सफर

    शैलेश कुमार जमुई जिले के अलीगंज प्रखंड के इस्लामनगर गांव के रहने वाले हैं। किसान परिवार से आने वाले शैलेश ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद मेहनत और जुनून के दम पर विश्व स्तर पर अपनी पहचान बनाई। इससे पहले वे पेरिस वर्ल्ड पैरा चैंपियनशिप में रजत पदक और चीन में आयोजित एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर चुके हैं।

    उनकी उपलब्धियों को देखते हुए बिहार सरकार ने "मेडल लाओ, नौकरी पाओ" योजना के तहत उन्हें क्लास वन की सरकारी नौकरी दी है। वर्तमान में वे समाज कल्याण विभाग में बाल विकास परियोजना पदाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। खेल के साथ-साथ प्रशासनिक सेवा में उनकी भूमिका युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

    खबरें और भी

    स्वर्ण विजेता शैलेश को सरकार देगी 75 लाख

    मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को जमुई के शैलेश कुमार को दिल्ली में आयोजित विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि एथलीट का प्रदर्शन भारत के लिए गर्व का क्षण है।

    सीएम ने कहा कि शैलेश का प्रदर्शन बिहार में खेलों के क्षेत्र में हो रहे बदलाव का प्रत्यक्ष प्रमाण है। शैलेश कुमार की इस ऐतिहासिक जीत पर राज्य सरकार उन्हें खेल पुरस्कार योजना के तहत 75 लाख रुपये की राशि एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित करेगी।

    परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल

    शैलेश फिलहाल दिल्ली में खेल प्राधिकरण के कार्यक्रम में शामिल हैं। उनके माता-पिता ने कहा कि शैलेश में बचपन से ही हिम्मत और जुनून था, आज वे न केवल परिवार बल्कि पूरे बिहार और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

    शैलेश के पिता शिवनंदन यादव और आजादी के बाद इस्लामनगर पंचायत के पहले मुखिया रहे। उनके दादा स्व. यमुना यादव का परिवार इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से अभिभूत है।

    शैलेश की इस सफलता पर पूरे प्रखंड में खुशी का माहौल है। समाजसेवी शशिशेखर सिंह मुन्ना, चंद्रशेखर आजाद, मुखिया दिलीप रावत, सरपंच राजेश मालाकार, नागेश्वर प्रसाद, वार्ड सदस्य कांग्रेस यादव, अजय कुमार यादव, भगीरथ कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

    यह भी पढ़ें- Gaya News: टिकारी कॉलेज में पीजी सेंटर का शुभारंभ, सात विषयों में होगी पढ़ाई

    यह भी पढ़ें- बिहार में स्ट्रॉबेरी क्रांति: 15 कट्ठे से शुरू हुई कहानी 80 हेक्टेयर खेतों तक फैली