अब देवघर से जमालपुर का सफर हुआ डायरेक्ट, ट्रेन बदलने के झंझट से मिली मुक्ति; चेक करें शेड्यूल
रेलवे ने देवघर-जमालपुर के दैनिक यात्रियों को राहत देते हुए जसीडीह से जमालपुर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी की नई रैक लिंकिंग व्यवस्था 21 जुलाई से लागू करने ...और पढ़ें

अब देवघर से जमालपुर का सफर हुआ डायरेक्ट, ट्रेन बदलने के झंझट से मिली मुक्ति
HighLights
जसीडीह से जमालपुर तक सीधी रेल सेवा शुरू।
नई रैक लिंकिंग व्यवस्था 21 जुलाई से होगी लागू।
यात्रियों को अब ट्रेन बदलने की नहीं पड़ेगी जरूरत।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। रेलवे ने देवघर (बैद्यनाथ धाम) और जमालपुर के बीच यात्रा करने वाले दैनिक रेल यात्रियों को बड़ी राहत दी है। वर्षों से लंबित वाया जसीडीह-झाझा-किउल होकर जमालपुर तक सीधी रेल कनेक्टिविटी की मांग को स्वीकार करते हुए पूर्व रेलवे ने नई रैक लिंकिंग व्यवस्था का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
यह व्यवस्था 21 जुलाई से लागू होगी। आसनसोल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने नोटिफिकेशन जारी होने की पुष्टि करते हुए बताया कि इसकी विस्तृत जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराई जाएगी।
रेलवे की नई व्यवस्था के तहत क्षेत्र में संचालित तीन मेमू पैसेंजर ट्रेनों को एक ही रैक से जोड़ा गया है। इसके तहत गाड़ी सं. 63156 वैद्यनाथधाम-जसीडीह, 63573 जसीडीह-किउल तथा 63424 किउल-जमालपुर मेमू अब एकीकृत रैक के माध्यम से संचालित होंगी। इससे यात्रियों को बीच रास्ते में ट्रेन बदलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
नई व्यवस्था का लाभ झाझा, सिमुलतला, गिद्धौर, टेलवा बाजार, जमुई, लखीसराय, किउल, देवघर तथा जमालपुर के हजारों दैनिक यात्रियों को मिलेगा। अब तक मुंगेर प्रमंडल अथवा जमालपुर जाने वाले यात्रियों को किउल या झाझा स्टेशन पर दूसरी ट्रेन के इंतजार में काफी समय बिताना पड़ता था।
रैक लिंकिंग लागू होने से यात्रा अधिक सुविधाजनक और समय की दृष्टि से किफायती होगी। रेलवे के अनुसार, इस व्यवस्था से 63574 किउल-जसीडीह मेमू के परिचालन में होने वाली देरी की समस्या में भी सुधार होगा। वहीं, 63564 जसीडीह-आसनसोल मेमू का संचालन भी अधिक समयबद्ध होने की संभावना है।
खबरें और भी
एक ही रैक से ट्रेनों के संचालन के कारण क्रासिंग और टर्न-अराउंड समय में कमी आएगी, जिससे परिचालन की दक्षता बढ़ेगी।
समय-सारिणी
- 63573 जसीडीह-किउल मेमू: जसीडीह प्रस्थान 10:45 बजे, झाझा 12:02 बजे, जमुई 12:39 बजे तथा किउल आगमन 2:10 बजे
- 63424 किउल-जमालपुर मेमू: किउल से दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान, अभयपुर 3:10 बजे, धरहरा 3:23 बजे तथा जमालपुर आगमन शाम 4:00 बजे
- 63423 जमालपुर-किउल मेमू: जमालपुर से दोपहर 12:45 बजे प्रस्थान, अभयपुर 1:15 बजे तथा किउल आगमन 2:35 बजे। इसके बाद यही रैक 63574 किउल-जसीडीह मेमू के रूप में दोपहर 2:50 बजे किउल से जसीडीह के लिए रवाना होगी