जमुई में जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर ठगी, कोर्ट में पैरवी के नाम पर लिए ₹15.25 लाख
झाझा में भूमि विवाद सुलझाने और कोर्ट में पैरवी के नाम पर एक व्यक्ति से 15.25 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें
-1783598453081_m.webp)
AI Generated Image
HighLights
भूमि विवाद सुलझाने के नाम पर 15.25 लाख की ठगी।
झाझा के दिलीप कुमार माथुरी ने दर्ज कराया केस।
नालंदा के राजीव कुमार पर धोखाधड़ी का आरोप।
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। भूमि विवाद का मामला पक्ष में कराने और न्यायालय में पैरवी कराने का झांसा देकर 15.25 लाख रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में झाझा थाना क्षेत्र के हेलाजोत गांव निवासी दिलीप कुमार माथुरी ने नालंदा जिले के एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दर्ज केस के अनुसार, दिलीप कुमार की मुलाकात पटना में नालंदा जिले के हलसी थाना क्षेत्र अंतर्गत चिकसोरा बरियारपुर निवासी राजीव कुमार से हुई थी। आरोपित ने खुद को भूमि विवाद और न्यायालयी मामलों की पैरवी कराने में प्रभावशाली बताते हुए भरोसा दिलाया कि वह विचाराधीन भूमि विवाद का फैसला उनके पक्ष में करा देगा।
इसके एवज में न्यायालयी प्रक्रिया, पैरवी और केस सेटलमेंट के नाम पर करीब 15.50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि 15 दिसंबर 2025 को आरोपित उनके घर आया, जहां उसे 3.50 लाख रुपये नकद दिए गए। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में 11.75 लाख रुपये उसके एचडीएफसी बैंक खाते में आनलाइन ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 15.25 लाख रुपये आरोपित को दिए गए।
दिलीप कुमार ने बताया कि भूमि विवाद का फैसला उनके पक्ष में नहीं हुआ। इसके बाद जब उन्होंने अपनी राशि वापस मांगी तो आरोपित लगातार टालमटोल करता रहा और अब तक रुपये वापस नहीं किए।
पीड़ित का दावा है कि उनके पास आरोपित के साथ हुई मोबाइल बातचीत की रिकार्डिंग भी है, जिसमें केस सेटलमेंट के नाम पर रुपये लेने की बात स्पष्ट रूप से सामने आती है।
उनका आरोप है कि शुरू से ही धोखाधड़ी की नीयत से झूठा आश्वासन देकर उनसे रुपये ऐंठे गए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपित की गिरफ्तारी और ठगी गई राशि वापस दिलाने की मांग की है। इधर, झाझा थानाध्यक्ष मिंटू कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।