श्रावणी मेला 2026: झाझा स्टेशन पर कांवड़ियों की सुविधा बढ़ाने की तैयारी, हेल्प यू काउंटर-मेडिकल सुविधा रहेगी
झाझा स्टेशन पर श्रावणी मेला 2026 के लिए कांवड़ियों और रेल यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा हेतु रेलवे ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ...और पढ़ें

HighLights
श्रावणी मेला 2026 हेतु झाझा स्टेशन पर रेलवे की तैयारी।
कांवरियों और यात्रियों के लिए हेल्प यू काउंटर स्थापित।
सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और प्राथमिक चिकित्सा पर जोर।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। श्रावणी मेला के दौरान झाझा स्टेशन पर उमड़ने वाले कांवड़ियों और रेल यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा एवं सुविधा संबंधी तैयारियां तेज कर दी है।
इसी कड़ी में शनिवार की शाम स्टेशन प्रबंधक कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्टेशन प्रबंधक रविकांत माथुरी ने की। बैठक में टीआइ रवि गुप्ता, आरपीएफ इंस्पेक्टर आरआर सहाय, रेल थानाध्यक्ष मधुसूदन पासवान तथा सीआइटी यशवंत रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में जसीडीह-किऊल रेलखंड से होकर गुजरने वाली सुपरफास्ट, एक्सप्रेस एवं पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण तथा स्टेशन पर कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अधिकारियों ने निर्णय लिया कि स्टेशन परिसर में यात्रियों की सहायता के लिए विशेष हेल्प यू काउंटर स्थापित किया जाएगा, जहां किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान किया जाएगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यात्रियों एवं कांवरियों का आवागमन फुट ओवरब्रिज के माध्यम से कराया जाएगा।
स्टेशन पर शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा सहित आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। वहीं, ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए आरपीएफ एवं जीआरपी के जवान यात्रियों को सुरक्षित चढ़ाने-उतारने के साथ यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी व्यक्ति चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करे।
स्टेशन प्रबंधक रविकांत माथुरी ने बताया कि सावन माह में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
रेलवे का प्रयास है कि प्रत्येक यात्री और कांवरिया सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा कर सके। किसी भी समस्या की स्थिति में यात्री हेल्प यू काउंटर पर संपर्क कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- श्रावणी मेला 2026: बांका का 54 KM लंबा कांवड़िया पथ होगा शिवमय, त्रिशूल-शिवलिंग की आकृतियों से सजा मार्ग
यह भी पढ़ें- शिवभक्तों के लिए खुशखबरी! आंधी-बारिश में भी नहीं गुल होगी बिजली, बांका में बिछाया जा रहा 11 हजार वोल्ट का तार