जमुई से जयपुर तक जूही का जलवा: 1500 मीटर रेस में जीता सिल्वर मेडल, अब नेशनल पर निशाना
आठवीं कक्षा की छात्रा जूही कुमारी ने सीबीएसई एथलेटिक्स क्लस्टर चैंपियनशिप की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई क ...और पढ़ें

कराटे चैंपियन जूही का अब एथलेटिक्स के ट्रैक पर भी धमाका
HighLights
जूही कुमारी ने 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीता।
सीबीएसई एथलेटिक्स क्लस्टर चैंपियनशिप में राष्ट्रीय के लिए क्वालीफाई किया।
मार्शल आर्ट चैंपियन जूही ने एथलेटिक्स में भी पहचान बनाई।
संवाद सूत्र, सिमुलतला (जमुई)। पिंक सिटी जयपुर से लेकर सिमुलतला की वादियों तक इन दिनों एक ही नाम की चर्चा है, जूही कुमारी। आठवीं कक्षा की इस छात्रा ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए सीबीएसई एथलेटिक्स क्लस्टर चैंपियनशिप की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
इस उपलब्धि से न केवल जयपुर, बल्कि अपनी जन्मभूमि सिमुलतला और जमुई जिले का भी गौरव बढ़ाया है। यह प्रतियोगिता 24 से 26 जुलाई तक कोटपुतली (राजस्थान) के बहरोड़ स्थित आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित हुई, जिसमें राज्य भर के उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
जूही ने कड़े मुकाबले के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया और राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई। जूही मूल रूप से जमुई जिले के सिमुलतला थाना क्षेत्र के खुरंडा गांव निवासी मंटू पंडित की पुत्री हैं। खेलों में शुरू से ही उनकी विशेष रुचि रही है।
मार्शल आर्ट और कराटे में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद अब उन्होंने एथलेटिक्स में भी अपनी मजबूत पहचान बना ली है। जूही की इस सफलता की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव खुरंडा और सिमुलतला पहुंची, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
खबरें और भी
ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया। जूही के पिता मंटू पंडित ने बताया कि उनकी बेटी ने कठिन परिश्रम, नियमित अभ्यास और विशेष प्रशिक्षण के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। अब उसका लक्ष्य राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करना है।
जूही की सफलता पर भारत के पूर्व ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित गोपाल सैनी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं, उनके एथलेटिक्स कोच करण सिंह और श्याम सिंह शेखावत ने जूही की फिटनेस, दौड़ की रणनीति और एकाग्रता की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।