जमुई के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 18 पदों पर भर्ती, 25 से 29 मई तक होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
जमुई के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 18 पदों (अनुसेवक, रात्रि प्रहरी, मुख्य रसोइया, सहायक रसोइया) के लिए दस्तावेज सत्यापन की तिथियां घोषित हो ...और पढ़ें

जमुई के कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में 18 पदों पर भर्ती (AI Generated Image)
HighLights
जमुई केजीबीवी में 18 पदों पर भर्ती के लिए सत्यापन।
दस्तावेज सत्यापन 25 से 29 मई 2026 तक चलेगा।
अनुपस्थित रहने पर नियोजन प्रक्रिया से बाहर किया जाएगा।
संवाद सहयोगी, जमुई। बिहार शिक्षा परियोजना के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) में अनुसेवक, रात्रि प्रहरी, मुख्य रसोइया और सहायक रसोइया के कुल 18 पदों पर नियुक्ति के लिए दस्तावेज सत्यापन की तिथि घोषित कर दी गई है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सत्यापन कार्य 25 से 29 मई 2026 तक प्लस टू उच्च विद्यालय, जमुई हाल में होगा।
जिला नियोजन समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, जिला अंतर्गत संचालित 11 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मियों के नियोजन को लेकर प्राप्त आवेदन-पत्रों पर विचार कर संविदा नियोजन के लिए पात्रता के अनुशंसित अभ्यर्थियों का दस्तावेज सत्यापन कराया जा रहा है।
आदेश के अनुसार, 25 मई को अनुसेवक पद के लिए काउंटर सं. 01 और 02 पर अभ्यर्थियों का सत्यापन होगा। 26 मई को रात्रि प्रहरी, 27 मई को मुख्य रसोइया और 29 मई को सहायक रसोइया के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। समय सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक निर्धारित है।
प्रत्येक काउंटर पर बीईओ जमुई, केजीबीवी बरहट और बीआरपी के कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र के साथ मूल प्रमाण-पत्र, फोटोयुक्त पहचान-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, अनुभव प्रमाण-पत्र और अन्य संबंधित दस्तावेज लाना अनिवार्य है।
निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को नियोजन प्रक्रिया से बाहर कर दिया जाएगा। सत्यापन के बाद योग्य अभ्यर्थियों की अंतिम सूची तैयार कर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी अभ्यर्थियों से समय पर उपस्थित होने की अपील की है।