Kharmas 2026: 15 मार्च से शुरू हो रहा खरमास, मांगलिक कार्यों पर लगेगा विराम; 20 अप्रैल से फिर बजेंगी शहनाइयां
आज अंतिम वैवाहिक मुहूर्त के बाद एक माह के लिए खरमास शुरू हो रहा है, जिससे सभी मांगलिक कार्यों पर अस्थायी विराम लगेगा। पंडितों के अनुसार, 14 अप्रैल को ...और पढ़ें

खरमास 2026। (जागरण)
HighLights
आज से खरमास शुरू, वैवाहिक व मांगलिक कार्यों पर विराम।
14 अप्रैल को मेष संक्रांति से खरमास समाप्त होगा।
20 अप्रैल से विवाह के शुभ मुहूर्त पुनः प्रारंभ होंगे।
संवाद सूत्र, बोड़वा(जमुई)। शनिवार को अंतिम वैवाहिक लग्न मुहूर्त के बाद एक माह के लिए खरमास लगने जा रहा है। इसके साथ ही विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों पर अस्थायी विराम लग जाएगा।
पंडितों के अनुसार मेष संक्रांति (सतुआन) 14 अप्रैल को होगी, जिसके बाद फिर से शुभ कार्यों की शुरुआत होगी। हालांकि वैवाहिक कार्यों के लिए पहला शुभ लग्न मुहूर्त 20 अप्रैल को पड़ रहा है।
यक्षराजस्थान झाझा के मुख्य पुजारी बम शंकर पांडेय ने बताया कि 14 अप्रैल को मेष सक्रांति दिन में 11:25 बजे होगी।इसके साथ ही एक माह से चल रहा खरमास समाप्त हो जाएगा और स्नान-दान का पुण्यकाल प्रातःकाल से ही प्रारंभ हो जाएगा।
खरमास की अवधि में विवाह, गृह प्रवेश जैसे मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि ग्रह-नक्षत्र और वार को देखते हुए 20 अप्रैल से पुनः विवाह के शुभ मुहूर्त प्रारंभ होंगे। इसी दिन अक्षय तृतीया भी पड़ रही है, जिसे अत्यंत शुभ माना जाता है। अप्रैल माह में कुल आठ दिन विवाह योग्य लग्न मुहूर्त उपलब्ध हैं।
वहीं, मई में 10, जून में 11 तथा जुलाई में सात विवाह मुहूर्त बताए गए हैं। आचार्य बम शंकर पांडेय ने जानकारी दी कि 17 मई से 15 जून तक ज्येष्ठ अधिक मास (मलमास) रहेगा, जिसे पुरुषोत्तम मास भी कहा जाता है। इस अवधि में भी किसी प्रकार के मांगलिक कार्य करना वर्जित माना गया है।
वैवाहिक लग्न मुहूर्त की तिथियां
- अप्रैल: 20, 21, 25, 26, 27, 28, 29 व 30
- मई: 01, 03, 04, 05, 06, 07, 08, 12, 13 व 14
- जून: 19 से 29 तक
- जुलाई: 01, 02, 06, 07, 08, 11 व 12 तारीख तक।
यह भी पढ़ें- Kharmas Date 2026: 14 या 15 मार्च... कब से शुरू हो रहा खरमास? पंडित जी ने दूर की कन्फ्यूजन