हाई-स्पीड से जुड़ा जमुई, पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस ने दी ऐतिहासिक शुरुआत, सांसद और मंत्री ने दिखाई हरी झंडी
जमुई रेलवे स्टेशन पर पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हो गया है, जिससे क्षेत्र में विकास और कनेक्टिविटी को नए पंख लगेंगे। सांसद अरुण भारत ...और पढ़ें

पटना-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस : जमुई में बिहार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया रवाना
HighLights
जमुई में वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव शुरू हुआ, ऐतिहासिक मांग पूरी।
सांसद अरुण भारती, मंत्री श्रेयसी सिंह ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
जमुई अब हाई-स्पीड कनेक्टिविटी से जुड़ा, विकास को मिलेंगे पंख।
संवाद सूत्र, जागरण, बरहट (जमुई)। जमुई रेलवे स्टेशन पर लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई। अब अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव शुरू हो गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर सांसद अरुण भारती और उद्योग सह खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
जैसे ही भगवा और सफेद रंग की चमचमाती वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने की घोषणा हुई, पूरा स्टेशन परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। ट्रेन अपने निर्धारित समय से लगभग 25 मिनट विलंब से पहुंची।
मंत्री ने किया उद्घाटन यात्रा में हिस्सा
इस उद्घाटन को खास बनाने के लिए बिहार की खेल व उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह स्वयं वंदे भारत एक्सप्रेस में सवार होकर रेलवे अधिकारियों के साथ जमुई पहुंचीं। यात्रा के दौरान उन्होंने यात्रियों से मुलाकात कर ट्रेन की सुविधाओं, गति और सुरक्षा को लेकर फीडबैक लिया।
इस मौके पर दानापुर रेल मंडल के मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिषेक कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रदीप कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केशरी, लोजपा (आर) जिलाध्यक्ष जीवन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष रूबेन कुमार सिंह, भाजपा नेता कन्हैया सिंह, लोजपा (आर) प्रदेश सचिव लेबर सेल बच्चू तांती, जिला उपाध्यक्ष विनय पांडेय, लोजपा नेता राहुल भवेश, पूर्व प्रत्याशी चंदन सिंह और रामदेव राव समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद थे। स्टेशन परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी पहुंचे। लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर करते दिखे।
खबरें और भी
-1778987280274.jpg)
विकास की गति को लगेंगे नए पंख: सांसद
मीडिया से बातचीत में सांसद अरुण भारती ने कहा कि जमुई संसदीय क्षेत्र का चौमुखी विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेन का ठहराव यह दर्शाता है कि केंद्र सरकार छोटे शहरों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। सांसद ने कहा, “इस ठहराव से व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को विशेष लाभ मिलेगा। अब जमुई का कनेक्टिविटी स्तर और बेहतर होगा, जिससे क्षेत्र के विकास की गति को नए पंख लगेंगे।”
हाई-स्पीड कनेक्टिविटी से जुड़ा जमुई: मंत्री
मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि यह जमुई के लिए गौरव का क्षण है। अब जमुई हाई-स्पीड कनेक्टिविटी से जुड़ चुका है, जिससे पर्यटन और स्थानीय रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री और रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मंत्री ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की कि नई ट्रेन की सुविधा का लाभ उठाएं और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस न केवल यात्रा को तेज और सुरक्षित बनाएगी, बल्कि शहर की आर्थिक गतिविधियों में भी वृद्धि करेगी।
स्थानीय लोगों में खुशी की लहर
स्थानीय लोगों ने इस ऐतिहासिक मौके को खास बनाने के लिए स्टेशन पर जमा होकर मिठाई बांटी और आपस में खुशी साझा की। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव से शहर में व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ट्रेन में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिसमें फास्ट इंटरनेट, आरामदायक सीटें, आधुनिक सुरक्षा इंतजाम और बेहतर सफाई शामिल है। यात्रियों ने भी इसकी सराहना की और इसे जमुई के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।