विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में नाबालिग से छेड़छाड़ पर पुलिस का एक्शन: पीड़ितों के बयान पर FIR दर्ज, अब तक 3 आरोपी गिरफ्तार

Published: Mon, 21 Sep 2026 01:29 PM (IST)Updated: Mon, 21 Sep 2026 02:56 PM (IST)

जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से छेड़छाड़ मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक 3 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

जमुई में नाबालिग से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल। फोटो सोशल मीडिया

जमुई में नाबालिग से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल। फोटो सोशल मीडिया

HighLights

  1. जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल।

  2. पुलिस ने पीड़ितों के बयान पर FIR दर्ज की, 3 गिरफ्तार।

  3. राज्य महिला आयोग ने मामले पर संज्ञान लिया, सख्त कार्रवाई के निर्देश।

डिजिटल डेस्क, जमुई। बिहार के जमुई में एक वायरल वीडियो (Jamui Viral Video) से हड़कंप मच गया है। इस वीडियो में स्कूली छात्र और छात्रा के साथ कुछ मनचले अभद्रता और बैड टच कर छात्रा की अस्मिता को तार-तार करते नजर आ रहे हैं।

देशभर में वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासन एक्टिव मोड में नजर आ रहा है। इस मामले में सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई और 3 लोग गिरफ्तार भी हो चुके हैं। महिला आयोग ने भी मामले पर संज्ञान लिया है।

घटना 19 सितंबर की बताई जा रही है। जब नाबालिग छात्र और छात्रा अपनी स्कूटी से घर की ओर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते में 6 से 7 मनचलों ने उन्हें जबरन रोक लिया और उनके साथ बदसलूकी की।

इस दौरान छात्रा हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही, लेकिन मनचलों की दरिंदगी नहीं थमी। वे बेशर्मी से इस पूरी घिनौनी हरकत का वीडियो बनाते रहे। वीडियो वायरल होने के बाद अब जनता की नाराजगी सोशल मीडिया में देखी जा रहा है।

सभी आरोपियों की हुई पहचान

इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीड़ितों (छात्र और छात्रा) के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर ली है और वीडियो में दिखाई दे रहे सभी युवकों की पहचान कर ली गई है। अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि नाबालिगों की गरिमा से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। पुलिस पीड़ितों की सुरक्षा और पहचान की गोपनीयता को लेकर पूरी तरह सतर्क है।

महिला आयोग ने लिया संज्ञान, सख्त कार्रवाई के निर्देश

छात्रा से अभद्रता और छेड़खानी का वीडियो वायरल होने पर राज्य महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। आयोग अध्यक्ष अप्सरा ने जमुई डीएम से मामले की पूरी जानकारी लेकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए है। उन्होंने कहा है कि ऐसी घटनाएं असहनीय हैं और कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगा।

बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने भी घटना की निंदा की और कहा कि बेटियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस ऐसी नजीर पेश करेगी जिससे दोबारा कोई ऐसी हिमाकत न कर सके।

यह भी पढ़ें- जमुई में युवती से छेड़खानी मामले पर महिला आयोग सख्त, अध्‍यक्ष ने कहा- दोषी कोई भी हो, बख्‍शे नहीं जाएंगे

यह भी पढ़ें- सड़क पर चीखती रही छात्रा, मनचलों ने किया बैड टच! जमुई में वीडियो वायरल होते ही DM ने लिया एक्शन