श्रावणी मेले के लिए चलेंगी दो और स्पेशल ट्रेनें, झाझा-जमुई के यात्रियों को मिलेगी राहत; चेक करें शेड्यूल
रेलवे ने श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो नई स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है, जिनमें पटना-मधुपुर दैनिक और आरा-जसीडीह साप्ताहिक ट्रे ...और पढ़ें

श्रावणी मेला के लिए दो और स्पेशल ट्रेनें शुरू, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा
HighLights
श्रावणी मेले के लिए दो नई स्पेशल ट्रेनें घोषित।
पटना-मधुपुर दैनिक, आरा-जसीडीह साप्ताहिक ट्रेनें चलेंगी।
झाझा-जमुई सहित श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी राहत।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने दो और श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है। इनमें पटना-मधुपुर के बीच दैनिक तथा आरा-जसीडीह के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन शामिल है।
दोनों ट्रेनों का परिचालन बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, झाझा और जसीडीह रेलखंड से होगा, जिससे झाझा, जमुई सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 03555/56 मधुपुर-पटना-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 29 व 30 अगस्त तक प्रतिदिन किया जाएगा।
यह ट्रेन मधुपुर से रात 08:30 बजे प्रस्थान कर जसीडीह, सिमुलतला, झाझा, जमुई, किऊल, लखीसराय, अशोकधाम, मोकामा, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना साहिब और राजेंद्रनगर होते हुए सुबह 04:05 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन सुबह 04:30 बजे पटना से रवाना होकर दोपहर 12:15 बजे मधुपुर पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 03270/69 आरा-जसीडीह-आरा श्रावणी मेला स्पेशल का परिचालन 09 अगस्त से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार किया जाएगा।
यह ट्रेन आरा से चलकर दानापुर, पटना, पटना साहिब, फतुहा, बख्तियारपुर, मोकामा, अशोकधाम, किऊल, जमुई और झाझा होते हुए जसीडीह पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में भी ट्रेन इन्हीं प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।