रील्स के चक्कर में गहरे पानी में चले गए दोस्त, जमुई की उलाई नदी में डूबने से एक युवक की मौत
झाझा (जमुई) में उलाई नदी में रील्स बनाते समय एक युवक गहरे पानी में डूब गया, जिसका शव पुलिस ने ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
झाझा में उलाई नदी में युवक का शव बरामद।
रील्स बनाने के दौरान गहरे पानी में डूबने से मौत।
मृतक आशीष कुमार खुरीपरास गांव का निवासी था।
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। बिहार के झाझा में लापता युवक का शव पुलिस ने गुरुवार को करीब दो घंटे की खोजबीन के बाद उलाई नदी के पांडेयडीह बालू घाट से पानी के अंदर से बरामद किया।
युवक का शव मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि युवक अपने साथियों के साथ नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान रील बनाने के चक्कर में वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
उसके दो साथी भी गहरे पानी में जाते-जाते बचे। स्वजनों ने पहले पुलिस को युवक के लापता होने की सूचना दी थी और गांव के ही दो युवकों पर संदेह व्यक्त किया था।
हालांकि, शव बरामद होने के बाद मामला यूडी केस में तब्दील हो गया। मृतक खुरीपरास गांव निवासी स्व. बाल्मिकी पासवान का पुत्र आशीष कुमार का है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया।
रील्स बनाने के चलते गई जान
बताया जाता है कि बुधवार की दोपहर करीब एक से दो बजे आशीष अपने आधा दर्जन साथियों के साथ उलाई नदी में स्नान करने गया था।
नदी में साथियों के बीच मोबाइल से रील्स बनाने की होड़ शुरू हो गई। इसी दौरान आशीष समेत अन्य साथी गहरे पानी की ओर चले गए, जिसमें आशीष पानी में डूब गया।
वहीं, दो साथी किसी तरह गहरे पानी से बाहर निकल पाए। घटना के बाद सभी साथी वहां से भाग गए। देर शाम तक जब आशीष घर नहीं लौटा तो उसकी मां शकुंतला देवी सहित स्वजन उसकी खोजबीन के लिए निकल गए। उन्होंने उसके साथियों से पूछताछ की, लेकिन उन्होंने सही जानकारी नहीं दी।
पुलिस ने की खोजबीन
गुरुवार को स्वजन झाझा थाना पहुंचे और थानाध्यक्ष मिंटू सिंह को घटना की जानकारी दी। साथ ही पूर्व की घटना को लेकर दो व्यक्तियों पर आशंका भी जताई। थानाध्यक्ष पुलिस पदाधिकारियों के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पीड़ित परिवार द्वारा बताए गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की गई। इसके बाद आशीष के साथियों से पूछताछ करने पर उसके नदी में डूबने की बात सामने आई। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में आशीष के शव की खोज शुरू की गई।
इसी क्रम में बालू उठाव के कारण नदी में बने गहरे गड्ढे में युवक का शव एक पाइप में फंसा हुआ मिला। ग्रामीणों ने बताया कि सभी युवक पानी में डूबने का मोबाइल से रील्स बना रहे थे। इसी दौरान आशीष गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले।
इधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि आशीष की मौत पानी में डूबने से हुई है। इस मामले में यूडी केस दर्ज किया जाएगा। घटना की सूचना पाकर आंबेडकर विकास मंच के सदस्य रणधीर पासवान, बनारसी पासवान आदि पीड़ित परिवार के साथ खड़े दिखे।
