बिहार में 1 महीने की सैलरी रिश्वत में मांगने वाला हेड क्लर्क गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो में हेड क्लर्क रूपेश कुमार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 37 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ...और पढ़ें

सोनो सीएचसी हेड क्लर्क रूपेश कुमार 37 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, सोनो (जमुई)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनो में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने अस्पताल के हेड क्लर्क रूपेश कुमार को 37 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
वेतन भुगतान के बदले एक माह की सैलरी रिश्वत के रूप में मांगने का आरोप है। कार्रवाई के दौरान अस्पताल परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा और कर्मियों के बीच अफरातफरी मची रही।
क्या बोले निगरानी के पुलिस उपाधीक्षक?
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना के पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि सीएचसी सोनो के तहत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर चरैया में कार्यरत एएनएम राजनंदनी ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना से शिकायत की थी कि उसने 2 जून 2025 को योगदान दिया था।
अप्रैल माह में सात माह का वेतन भुगतान किया गया, जबकि चार माह का वेतन बकाया था। आरोप है कि बकाया वेतन भुगतान कराने के एवज में हेड क्लर्क रूपेश कुमार द्वारा एक माह की सैलरी रिश्वत के रूप में मांगी जा रही थी।
पटना ने कराया मामले का वेरिफेकेशन
शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर निगरानी कांड संख्या 53/26 दर्ज कर पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष धावा दल गठित किया गया।
खबरें और भी
शुक्रवार को टीम ने सीएचसी सोनो में जाल बिछाकर छापामारी की और 37 हजार रुपये रिश्वत लेते हेड क्लर्क को रंगे हाथ दबोच लिया।
कार्रवाई के दौरान झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम आरोपित को अपने साथ पटना ले गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।