जमुई में सरकारी टीचर को उठा ले गए अपराधी, आंगनबाड़ी सेविका को जंगल में छोड़ा; मचा हड़कंप
जमुई में हथियारबंद अपराधियों ने एक शिक्षक और आंगनबाड़ी सेविका का अपहरण कर लिया। स्कूल से लौटते समय मानिकथाम बखौरी-भदवारिया सड़क पर यह घटना हुई। ...और पढ़ें
-1773392644849_m.webp)
टीचर का अपहरण। (AI IMAGE)
HighLights
शिक्षक और आंगनबाड़ी सेविका का जमुई में अपहरण।
अपराधियों ने सेविका को जंगल में धमकी देकर छोड़ा।
पुलिस ने शिक्षक की बाइक बरामद की, जांच जारी।
संवाद सूत्र, झाझा (जमुई)। थाना क्षेत्र के मानिकथाम बखौरी–भदवारिया मुख्य सड़क के जंगल में गुरुवार की शाम हथियारबंद अपराधियों ने बाइक सवार एक शिक्षक और आंगनबाड़ी सेविका का अपहरण कर लिया।
अपराधियों की संख्या आधा दर्जन से अधिक बताई जा रही है, जो तीन बाइक पर सवार थे। हालांकि कुछ ग्रामीणों के अनुसार अपहरणकर्ताओं की संख्या करीब सात थी।
अपहृत शिक्षक की पहचान बांका जिला के चादन प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय हरदिया के शिक्षक अजय बरनवाल के रूप में हुई है, जबकि उनके साथ मौजूद उसी गांव के आंगनबाड़ी सेविका रेणु कुमारी को अपराधियों ने करीब एक घंटे बाद जंगल में धमकी देकर छोड़ दिया।
बताया जाता है कि गुरुवार को स्कूल में छुट्टी देने के बाद दोनों एक ही बाइक से नारगंजो रेलवे स्टेशन की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान भदवारिया गांव के समीप अर्धनिर्मित पुल के पास गड्ढे के पास अपराधियों ने बाइक रुकवाकर दोनों को जबरन अपने साथ ले लिया और जंगल की ओर चले गए।
बीच जंगल में छोड़ा
सेविका रेणु देवी ने बताया कि अपराधियों ने रास्ते में उनसे पूछताछ की। हरदिया गांव का रहने वाला बताने पर अपराधियों ने उन्हें बीच जंगल में धमकी देकर छोड़ दिया और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की चेतावनी दी। किसी तरह सड़क पर पहुंचने के बाद सेविका भदवारिया गांव पहुंची और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रसोइया से पूछताछ कर उसे अपने साथ थाना ले गई। घटनास्थल के पास सड़क किनारे शिक्षक की हीरो पैशन प्रो बाइक बरामद हुई, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
खबरें और भी
इस दौरान अपराधियों द्वारा एक गांव में पेट्रोल दुकान की तलाश करने की भी बात सामने आई है। इधर, इलाके में शिक्षक के अपहरण की घटना से सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने शिक्षक की सुरक्षित बरामदगी की मांग की है।
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। वहीं एसडीपीओ राजेश कुमार ने मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने की बात कही है।
मालूम हो कि यह इलाका कभी माओवादियों का गढ़ रहा है। लंबे समय के बाद इस क्षेत्र में अपहरण की घटना सामने आने से लोगों में दहशत का माहौल है।
यह भी पढ़ें- बिहार में फिर जहरीली शराब का कहर! 5 की मौत, 4 लोगों के आंखों की गई रोशनी