Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कैमूर में दुर्गावती नदी पुल के नीचे दो सूटकेस से मिले दो सिर कटे शव, इलाके में दहशत

    Updated: Mon, 11 May 2026 11:20 AM (IST)

    रामगढ़ थाना क्षेत्र के मोहनियां चौसा एनएच 319 पर दुर्गावती नदी पुल के नीचे दो सूटकेसों में दो सिर कटे शव मिलने से सनसनी फैल गई है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. दुर्गावती नदी पुल के नीचे मिले दो सूटकेस

    2. सूटकेस में दो सिर कटे शव बरामद हुए

    3. पुलिस शवों की पहचान में जुटी हुई है

    संवाद सूत्र, रामगढ़। रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनियां चौसा एनएच 319 पर पनसेरवां गांव स्थित दुर्गावती नदी पुल के नीचे दो अलग-अलग सूटकेसों में दो शव पुलिस ने बरामद किया है। कई टुकड़ों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। दोनों शवों के धड़ को टुकड़ों में सूटकेस में पैक किया गया था। दोनों शव के सिर गायब मिले। फिलहाल पुलिस दोनों शवों की पहचान में जुटी है। 

    प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हो रहा है कि दोनों की हत्या करने के बाद उनके शरीर के अंगों को काटकर सूटकेस में पैक कर पुल के नीचे फेंका गया है। रविवार की सुबह 11 बजे इस सनसनीखेज और दिल दहला देने वाले मामले के सामने आते हीं क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। 

    इधर घटना की सूचना मिलते हीं मौके पर एसपी हरिमोहन शुक्ला पहुंच गए तथा फोरेंसिक टीम के साथ छानबीन शुरू कर दिए। लेकिन जिले के किसी थाना में ऐसी वारदातें नहीं आने से पुलिस दूसरे कोण से इस घटना की जांच कर रही है। 

    जांच के लिए सैंपल एकत्र किए गए

    एसपी के निर्देश पर पंहुची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जांच के लिए सैंपल एकत्र किए और पटना लैब में जांच के लिए भेजा गया। उधर मोहनियां व रामगढ़ पुलिस ने टुकड़ों में कटे शवों को इकट्ठा कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ भेज दिया है। 

    खबरें और भी

    मौके पर फोरेंसिक टीम के डीएसपी, इंस्पेक्टर सुनील कुमार निर्झर, प्रभारी थानाध्यक्ष, श्रवण कुमार, सहित काफी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। घटना के बारे में बताया जाता है कि सुबह करीब दस बजे स्थानीय लोगों ने पुल के पास संदिग्ध अवस्था में पड़े दो सूटकेसों को देखा। 

    दुर्गंध आने पर लोगों को अनहोनी की आशंका

    सूटकेस से तेज दुर्गंध आने पर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और तत्काल इसकी सूचना रामगढ़ थाना की पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तो शरीर के कटे अंगों को देखकर सन्न रह गई। उधर सूटकेस में शव मिलने की खबर कुछ ही देर में पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई। 

    मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद पुलिस ने मृतकों की पहचान को लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराई गई, ताकि किसी भी साक्ष्य से छेड़छाड़ न हो। एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक नमूने एकत्र किए। 

    इस मामले को लेकर कैमूर पुलिस अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल टीम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल दोनों शवों की शिनाख्त में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सूटकेस को कब और किसने घटनास्थल पर रखा।