Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कटिहार में 'जुगाड़' पर DM का चाबुक, एक झटके में 400 से अधिक कर्मियों का ट्रांसफर; प्रशासन में भारी फेरबदल

    Updated: Fri, 03 Jul 2026 01:46 PM (GMT+05:30)

    कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने 427 कर्मियों का बड़े पैमाने पर तबादला किया है, जिससे लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों को हटाया गया। ...और पढ़ें

    कटिहार जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी। फाइल फोटो

    कटिहार जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी। फाइल फोटो

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, कटिहार। पैरवी और जुगाड़ की दम पर लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे कर्मियों की कुंडली जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने खंगाल दी है। संभवत: पहली बार जिले में एक साथ इतने बड़े पैमाने पर कर्मियों का तबादला हुआ है। इस व्यापक स्थानांतरण से लोगों के बीच जिला पदाधिकारी के प्रति पूर्व से बनी अच्छी धारणा और मजबूत हुई है।

    विभिन्न कार्यालयों व विभागों के लिपिक, सहायक, परिचारी समेत चार सौ से अधिक कर्मियों का एक बार में स्थानांतरण कर जिलाधिकारी ने प्रशासनिक सुधार की दिशा में बड़ा संदेश दिया है।

    इतना ही नहीं, प्रतिनियुक्ति के सहारे सुविधाभोगी कर्मियों पर भी जिला पदाधिकारी ने जोरदार प्रहार किया है। उन्हें भी नौकरी में स्थानांतरण शब्द की अहमियत बता दी है।

    सभी कर्मियों को सात जुलाई तक विरमित करने का आदेश दिया गया है। इसके बाद वो स्वत: विरमित माने जाएंगे। जिलाधिकारी की इस कार्रवाई से हलचल मची है।

    कार्य के आधार पर रैंकिंग बनाकर किया गया स्थानांतरण

    प्रशासन ने इसे नई प्रशासनिक पहल-कर्मियों की कार्य के आधार पर रैंकिंग बनाकर स्थानांतरण करने की बात बताई है। इससे कर्मियों की कार्यकुशलता बढ़ेगी और साथ ही कार्य से संतुष्टि भी मिलेगी।

    बताया जाता है कि प्रशासनिक आवश्यकता, कार्य हित तथा प्राप्त अभ्यावेदनों के समुचित परीक्षण के उपरांत अधिकांश पदस्थापन कर्मियों के कार्य निष्पादन के वस्तुनिष्ठ मानकों पर किए गए मूल्यांकन के आधार पर किए गए हैं।

    इस पहल का उद्देश्य कर्मियों की क्षमता एवं दक्षता के अनुरूप दायित्वों का निर्धारण करना, उनकी कार्य संतुष्टि को बढ़ावा देना तथा आमजन को अधिक प्रभावी, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।

    समाहरणालय में 107 कर्मियों का स्थानांतरण

    समाहरणालय (स्थापना) लिपिकीय संवर्ग के अंतर्गत कुल 107 कर्मियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है। इनमें 02 सहायक प्रशासी पदाधिकारी, 09 प्रधान लिपिक, 13 उच्च वर्गीय लिपिक, 75 निम्न वर्गीय लिपिक तथा 08 कार्यालय परिचारी शामिल हैं।

    समाहरणालय कटिहार के प्रधान लिपिक अपर्णा सिन्हा को जिला विकास शाखा से जिला अभिलेखागार भेजा गया है। ये समाहरणालय में प्रतिनियुक्ति पर थी।

    बदले गए सभी पंचायत के कार्यपालक सहायक

    पंचायती राज विभाग के अंतर्गत कुल 186 कर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें 177 पंचायत कार्यपालक सहायक एवं 09 प्रखंड कार्यपालक सहायक शामिल हैं।

    आईसीडीएस में 48 हुए इधर-उधर

    समेकित बाल विकास सेवाएं में कुल 48 कर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें 30 महिला पर्यवेक्षिका, सात डेटा एंट्री ऑपरेटर तथा 11 सांख्यिकी सहायक/संविदा लिपिक शामिल हैं।

    स्वास्थ्य विभाग में भारी फेरबदल

    स्वास्थ्य विभाग में 86 कर्मियों का स्थानांतरण एवं पदस्थापन किया गया है। इनमें 16 प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, 16 प्रखंड निगरानी एवं मूल्यांकन सहायक, 15 प्रखंड लेखा प्रबंधक, 03 प्रथम रेफरल इकाई कर्मी, 15 ब्लॉक कम्युनिटी मैनेजर, 15 सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर तथा 06 राज्य प्रशिक्षण इकाई के कर्मी शामिल हैं।

    खबरें और भी

    प्रतिनियुक्ति पर चली स्थानांतरण की कैंची

    प्रशासनिक स्थानांतरण में प्रतिनियुक्ति पर जमकर कैंची चली है। समाहरणालय में जिला विकास प्रशाखा में प्रतिनियुक्त प्रधान लिपिक अपर्णा सिन्हा को जिला अभिलेखागार भेजा गया है।

    इसके अलावा तीन कर्मियों की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर दी गई है। इसमें जिला परिवहन कार्यालय के प्रधान लिपिक शंकर पासवान, बारसोई के शबाव अनवर, कटिहार अंचल के शैलेंद्र कुमार शामिल हैं।

    बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को प्राथमिकता दी गई है। इस पहल से विभागों में सकारात्मक कार्य संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का मनोबल भी बढ़ेगा। सभी को निर्धारित अवधि के भीतर अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर योगदान देना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। - आशुतोष द्विवेदी, डीएम