कटिहार में ई-वाहनों के लिए बड़ी तैयारी, NH और नगर निगम क्षेत्र में बनेंगे 22 चार्जिंग स्टेशन, सफर होगा आसान
कटिहार जिले में पर्यावरण प्रदूषण कम करने और पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता घटाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया ...और पढ़ें

एआई द्वारा जेनरेट इमेज
HighLights
कटिहार में 22 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन बनेंगे।
एनएच और शहरी क्षेत्रों में सुविधा मिलेगी वाहन चालकों को।
प्रदूषण नियंत्रण और ई-वाहन अपनाने को बढ़ावा मिलेगा।
संवाद सूत्र, कटिहार। बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण पर अंकुश लगाने और पारंपरिक ईंधन (पेट्रोल-डीजल) पर नागरिकों की निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से कटिहार जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के संचालन को बढ़ावा देने की दिशा में एक ठोस पहल की गई है।
इसके तहत पहले चरण में जिलेभर में कुल 22 स्थानों पर सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने की योजना है। इसको लेकर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला परिवहन विभाग ने विस्तृत प्रस्ताव संबंधित उच्च विभाग को भेज दिया है।
प्रस्ताव को औपचारिक स्वीकृति मिलने के बाद ज़मीन पर निर्माण कार्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
NH और शहरी क्षेत्रों में चार्जिंग की मिलेगी सुविधा
प्रस्तावित योजनाओं के अनुसार, इन चार्जिंग स्टेशनों पर वाहन चालकों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाएगा। स्टेशनों पर इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षित पार्किंग, एडवांस चार्जिंग प्वाइंट्स और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इससे न केवल स्थानीय स्तर पर ई-वाहन चालकों को सहूलियत मिलेगी, बल्कि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी मार्ग में वाहन चार्ज करने में आसानी होगी। योजना के तहत:
राष्ट्रीय राजमार्ग (NH): हाइवे के किनारे कुल 18 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए उपयुक्त जगहों को चिह्नित किया गया है।
नगर निगम क्षेत्र: शहरी इलाके में 4 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन खोले जाने का प्रस्ताव है, जिसमें मुख्य रूप से शरीफगंज, डीएस कॉलेज के पास और इमली गाछ पेट्रोल पंप के समीप के इलाके शामिल हैं। परिवहन विभाग की ओर से यह भी संकेत दिया गया है कि भविष्य में जरूरत के अनुसार अन्य स्थानों पर भी ऐसे स्टेशन बढ़ाए जा सकते हैं।
विभागीय प्रतिक्रिया और आगे की प्रक्रिया
मामले की जानकारी देते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) डेजी कुमारी ने बताया कि प्रथम चरण में जिले के 22 चिह्नित स्थानों पर सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए विभाग को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
जैसे ही उच्च स्तर से इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, वैसे ही निर्माण कार्य को धरातल पर उतार दिया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी पहल से जिले में प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति लोगों का रुझान तेजी से बढ़ेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।