विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटिहार में खाद माफिया का दुस्साहस! खबर छापने पर पत्रकार को कार में अगवा कर पीटा, अमदाबाद पुलिस ने नाकेबंदी कर छुड़ाया

Published: Thu, 29 Oct 2026 05:33 PM (IST)

Katihar Journalist Kidnapping : कटिहार में अवैध खाद कारोबार की पोल खोलने पर एक पत्रकार को खाद माफिया ने अगवा ...और पढ़ें

Katihar Journalist Kidnapping : पुलिस के साथ मुक्त कराए गए पत्रकार गुलाम मुर्तजा. जागरण

Katihar Journalist Kidnapping : पुलिस के साथ मुक्त कराए गए पत्रकार गुलाम मुर्तजा. जागरण

HighLights

  1. खाद माफिया ने पत्रकार गुलाम मुर्तजा का अपहरण किया।

  2. अवैध खाद कारोबार की खबर छापने पर हमला हुआ।

  3. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर पत्रकार को बचाया, तीन गिरफ्तार।

संवाद सूत्र, अमदाबाद (कटिहार)। Katihar Journalist Kidnapping : बिहार के कटिहार जिले में अवैध खाद कारोबार और कालाबाजारी के सिंडिकेट की पोल खोलना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। प्राणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को खाद माफिया ने दैनिक समाचार पत्र के प्रतिनिधि गुलाम मुर्तजा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया।

हालांकि, पुलिस की त्वरित घेराबंदी और मुस्तैदी से एक बड़ी अनहोनी टल गई। अमदाबाद थाना पुलिस ने चन्नी और बलरामपुर मार्ग पर नाकेबंदी कर संदिग्ध कार से पत्रकार को सकुशल मुक्त करा लिया और मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़ित पत्रकार गुलाम मुर्तजा आजमनगर थाना क्षेत्र के इमामनगर असलगंज के निवासी हैं और प्राणपुर क्षेत्र में पत्रकारिता करते हैं। वहीं पकड़े गए आरोपितों की पहचान कुमारीपुर निवासी मो. आशिक, मो. साबिर आलम और बोरनी कुमारीपुर निवासी मनीष कुमार गोस्वामी के रूप में की गई है।

बाइक से उतरते ही कार में खींचा

घटना के संदर्भ में पीड़ित पत्रकार गुलाम मुर्तजा ने बताया कि क्षेत्र में हाल ही में हुई अवैध खाद जब्ती और कालाबाजारी से संबंधित खबर उन्होंने प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिससे खाद माफिया उनसे खुन्नस खाए हुए थे। गुरुवार को वह अपने एक साथी पत्रकार के साथ मोटरसाइकिल से प्राणपुर प्रखंड मुख्यालय की ओर जा रहे थे।

चलती गाड़ी में की मारपीट

रास्ते में जैसे ही वे लघुशंका के लिए बाइक से नीचे उतरे, तभी एक काले रंग की कार आकर रुकी। कार से उतरे तीन युवकों ने जबरन उन्हें खींचकर कार के भीतर धकेल दिया। अपहरणकर्ताओं ने कार के शीशे चढ़ाकर अंदर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर अमदाबाद की ओर ले भागे।

चेक पोस्ट पर पुलिस ने घेरा

पत्रकार के साथ मौजूद साथी ने तत्परता दिखाते हुए घटना की जानकारी परिजनों और वरीय पुलिस पदाधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अमदाबाद पुलिस ने सीमावर्ती इलाकों के सभी मार्गों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया और चेक पोस्टों को हाई अलर्ट पर डाल दिया।

 टली बड़ी वारदात

अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि नाकेबंदी के दौरान चन्नी और बलरामपुर के बीच सब-इंस्पेक्टर दिवाकर सरकार ने एक संदिग्ध काले रंग की कार को रुकवाया। जब कार की तलाशी ली गई, तो उसके भीतर बंधक बनाए गए पत्रकार गुलाम मुर्तजा मिले। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार सवार तीनों आरोपितों को तुरंत हिरासत में ले लिया।

प्राणपुर पुलिस को सौंपे गए तीनों आरोपित

पत्रकार की सकुशल बरामदगी और आरोपितों के पकड़े जाने के बाद रोशना थानाध्यक्ष नित्यानंद सिंह और प्राणपुर थाना के एसआई कुमार भूवन दल-बल के साथ अमदाबाद थाना पहुंचे। अमदाबाद थानाध्यक्ष राजन कुमार ने आवश्यक कानूनी व दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पत्रकार और तीनों आरोपितों को प्राणपुर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया।

पीड़ित पत्रकार ने बताया कि वे प्राणपुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज करा रहे हैं। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रेस प्रतिनिधियों पर इस तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और खाद माफिया से जुड़े अन्य कड़ियों की भी गहनता से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- खाद में मिलावट की जांच पड़ी भारी, कटिहार में BDO की टीम पर हमला, 14 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी

यह भी पढ़ें- खगड़िया में अंधविश्वास, मृत बच्चे के जिंदा होने की आस में कोलकाता-कटिहार के बाबाओं का इंतजार, 20 घंटे तक झाड़-फूंक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।