राष्ट्रपति भवन से आया बुलावा; दिल्ली में 15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बिहार की मीसा को करेंगी सम्मानित
कटिहार की युवा उद्यमी मीसा सिंह को उनके कोल्ड चेन और फिशरी लॉजिस्टिक्स में अभिनव कार्य के लिए राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण मिला है। राष्ट्रपति द्रौ ...और पढ़ें

छीटाबाड़ी की रहने वाली मीसा सिंह ने एग्रीकल्चर में MSc के बाद 2023 में शुरू किया था अपना इनोवेटिव स्टार्टअप
HighLights
मीसा सिंह को राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण।
कोल्ड चेन, फिशरी लॉजिस्टिक्स में अभिनव योगदान।
15 अगस्त को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी सम्मानित।
संवाद सहयोगी, कटिहार। कटिहार जिले के लिए यह अत्यंत गर्व और प्रेरणा देने वाली खबर है। जिले के छीटाबाड़ी की रहने वाली युवा उद्यमी मीसा सिंह को उनके अभिनव (इनोवेटिव) कार्य के लिए राष्ट्रपति भवन से विशेष आमंत्रण मिला है।
आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर नई दिल्ली में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने हाथों से उन्हें सम्मानित करेंगी। इस राष्ट्रीय सम्मान की खबर मिलते ही मीसा के घर में खुशी का माहौल है और शहरवासी उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं।
कोल्ड चेन और फिशरी लॉजिस्टिक्स में दिया क्रांतिकारी योगदान
मीसा सिंह को शीघ्र खराब होने वाले खाद्य पदार्थों (Perishable Goods) के सुरक्षित परिवहन के लिए कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज और रेफ्रिजरेटेड ट्रकों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया जा रहा है। विशेष रूप से मत्स्य परिवहन (Fish Logistics) के क्षेत्र में उनके नवाचार और बिजनेस मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
चुनौती को बनाया अवसर, 2023 में रखी थी स्टार्टअप की नींव
मीसा ने किशनगंज से एमएससी (एग्रीकल्चर) की पढ़ाई पूरी की है। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने देखा कि बिहार में मछली का उत्पादन तो तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन सुरक्षित, ठंडे और समयबद्ध परिवहन व्यवस्था के अभाव में मत्स्य पालकों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ता है।
खबरें और भी
इसी चुनौती को अवसर में बदलते हुए वर्ष 2023 में उन्होंने अपना स्टार्टअप शुरू किया और लॉजिस्टिक्स, मार्केटिंग तथा ट्रांसपोर्टिंग के क्षेत्र में कदम रखा। पिछले दो वर्षों से वह राज्य भर में फिशरी लॉजिस्टिक्स और कोल्ड चेन नेटवर्क को मजबूत करने में जुटी हैं।
मत्स्य पालकों की आय बढ़ाना ही मुख्य लक्ष्य
मीसा बताती हैं कि उनका उद्देश्य केवल व्यवसाय करना नहीं, बल्कि छोटे-बड़े मत्स्य पालकों और व्यापारियों को एक मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन उपलब्ध कराना है। इससे उनकी उपज बिना खराब हुए सुरक्षित तरीके से बड़े बाजारों तक पहुंच रही है और उन्हें उपज का उचित मूल्य मिल पा रहा है। राष्ट्रपति भवन से मिला यह सम्मान न सिर्फ कटिहार बल्कि पूरे बिहार के युवाओं और महिला उद्यमियों के लिए गौरव का विषय है।