Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कटिहार NH-81 पर ट्रैक्टर की टक्कर से दरभंगा के मखाना मजदूर की मौत; 24 घंटे में दूसरी जानलेवा दुर्घटना, ड्राइवर भागा

    Updated: Thu, 06 Aug 2026 01:45 PM (IST)

    कटिहार के कोढ़ा थाना क्षेत्र में NH-81 पर ट्रैक्टर और बाइक की भीषण टक्कर में दरभंगा के 28 वर्षीय मखाना मजदूर विजय सहनी की मौत हो गई। यह 24 घंटे में दू ...और पढ़ें

    मजदूरों से लदे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी आमने-सामने की टक्कर; पुलिस ने जब्त किए दोनों वाहन, चालक की तलाश में छापेमारी

    मजदूरों से लदे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी आमने-सामने की टक्कर; पुलिस ने जब्त किए दोनों वाहन, चालक की तलाश में छापेमारी

    HighLights

    1. NH-81 पर ट्रैक्टर-बाइक टक्कर में मजदूर की मौत।

    2. मृतक दरभंगा का विजय सहनी, मखाना फोड़ाई का काम करता था।

    3. 24 घंटे में दूसरी घटना, स्थानीय लोग आक्रोशित, चालक फरार।

    संवाद सूत्र, कोढ़ा (कटिहार)। कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-81 (NH-81) पर मजदूरों से लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर और बाइक में हुई भीषण टक्कर में 28 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

    मृतक की पहचान दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र स्थित मझौरा गांव निवासी जीबछ सहनी के 28 वर्षीय पुत्र विजय सहनी के रूप में हुई है। वह रोजी-रोटी की तलाश में कटिहार आया था और कोढ़ा क्षेत्र में मखाना फोड़ाई का काम करता था।

    आमने-सामने की भिड़ंत में उड़े बाइक के परखच्चे

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा एनएच-81 पर उस समय हुआ जब कटिहार की ओर जा रहे बाइक सवार विजय सहनी की सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और विजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

    घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोढ़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतक के साथी मजदूरों में कोहराम मच गया।

    खबरें और भी

    चालक व मजदूर मौके से फरार, पुलिस ने जब्त किए वाहन

    हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक और उस पर सवार मजदूर मौके का फायदा उठाकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही कोढ़ा आदर्श थाना अध्यक्ष पंकज आनंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर तथा बाइक को जब्त कर थाने ले आए।

    वार्ड पार्षद नीरज गुप्ता ने बताया कि एनएच-81 पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

    24 घंटे में दूसरी मौत से सहमे लोग

    कोढ़ा थाना क्षेत्र में बीते 24 घंटे के भीतर सड़क हादसे में मौत की यह दूसरी घटना है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोगों ने एनएच-81 पर नियमित वाहन जांच और स्पीड कंट्रोल के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।