Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Katihar News: स्कूल में गुरुजी की नॉनवेज पार्टी पर बवाल, TC के बदले भोज का आरोप

    Updated: Tue, 28 Apr 2026 07:13 PM (IST)

    शिक्षकों द्वारा स्कूल में मांस-मछली की पार्टी आयोजित करने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया, जिसके बाद प्रतिबंधित मांस के सेवन की अफवाह फैल गई।न ...और पढ़ें

    स्कूल में गुरुजी की नॉनवेज पार्टी पर बवाल, TC के बदले भोज का आरोप

    स्कूल में गुरुजी की नॉनवेज पार्टी पर बवाल, TC के बदले भोज का आरोप

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सूत्र, सालमारी (कटिहार)। जिले में शिक्षा जगत को शर्मसार और अचंभित करने वाली घटना सामने आई है। स्कूल में छुट्टी के बाद गुरुजी की मांस-मछली की पार्टी चल रही थी और प्रतिबंधित मांस सेवन का हल्ला मच गया। ग्रामीण आक्रोशित होकर स्कूल पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।

    पुलिस ने बड़ी मशक्कत कर मामले को संभाला। मामला आजमनगर प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कुशहा से जुड़ा है। स्कूल स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) के बदले छात्रा द्वारा दी गई पार्टी गुरुजी को भारी पड़ गई। घटना मंगलवार की है। गुरुजी स्कूल में मांस सेवन कर ही रहे थे कि ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।

    ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया।

    प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी सरोज कुमार तथा थानाध्यक्ष नीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया।

    अष्टम वर्ग की छात्रा ने बताया कि टीसी देने के नाम पर शिक्षकों द्वारा भोज मांगा गया। इसी कारण पांच शिक्षकों के लिए मीट, मछली, पुलाव, चावल, रोटी, दाल, भुजिया समेत अन्य व्यंजन विद्यालय में पहुंचाया था।

    छात्रा के दादा ने बताया कि सालमारी से मांस खरीद कर लाए थे। घर में बनाए। शिक्षक को घर पर ही खाने को कहे, मगर उन्होंने स्कूल में भी भेजने के लिए कहा।

    प्रखंड विकास पदाधिकारी सरोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद यदि कोई दोषी पाया जाता है तो संबंधित शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी।

    वहीं, मुखिया प्रतिनिधि मो. इजहार आलम ने बताया कि गोमांस सेवन की अफवाह के कारण ग्रामीण एकजुट हो गए थे। नारेबाजी करने लगे।

    विद्यालय के प्रधानाध्यापक शशि रंजन ने कहा कि वे जनगणना ड्यूटी में प्रखंड कार्यालय में कार्यरत थे। मेरी अनुपस्थिति में सबकुछ हुआ है। बच्ची का शादी हुआ था। इस खुशी में वह खिलाने खाना लाई थी। टीसी देने के एवज में कुछ नहीं लिया जाता है।

    ये हैं स्कूल शिक्षक

    स्कूल में पांच शिक्षक कार्यरत हैं। इसमें शशि रंजन प्रधानाध्यापक है जबकि अंजार आलम, अबीदुर रहमान, जन्नत आरा, खुशी खातून शिक्षक-शिक्षिकाएं हैं।

    जांच को लेकर टीम भेजी जाएगी। जांच में मामला सत्य पाए जाने पर संलिप्त शिक्षकों पर कार्रवाई की जाएगी। - राहुल चंद्र चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, कटिहार।

    खबरें और भी