31 साल की जुदाई खत्म, कटिहार में वायरल वीडियो से मां से मिला बिछड़ा बेटा, परिवार में छलके खुशी के आंसू
कटिहार के मनिहारी प्रखंड के काटाकोश गांव में 31 साल बाद मां-बेटे का भावुक मिलन हुआ है। दस साल की ...और पढ़ें

कटिहार के मनिहारी में 31 साल बाद बिछड़े परिवार के मिलन के बाद खुशी साझा करते लोग
HighLights
कटिहार में 31 साल बाद मां-बेटे का हुआ भावुक मिलन।
एक वायरल वीडियो की मदद से बेटा घर लौट सका।
दस साल की उम्र में पिंटू कुमार यादव हुए थे लापता।
संवाद सूत्र, मनिहारी (कटिहार)। कटिहार जिले के मनिहारी प्रखंड अंतर्गत काटाकोश गांव में 31 साल बाद मां और बेटे का एक बेहद भावुक और अनूठा मिलन देखने को मिला है।
दस वर्ष की उम्र में रहस्यमय तरीके से लापता हुए पिंटू कुमार यादव आखिरकार तीन दशक लंबे अंतराल के बाद अपने माता-पिता—मीना देवी और मोतीलाल यादव—से सकुशल मिल गए हैं। वर्षों की लंबी जुदाई और अनिश्चितता के बाद बेटे को जीवित और सामने देखकर पूरे परिवार में खुशियों का सैलाब उमड़ पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, मोतीलाल यादव का दूसरा पुत्र पिंटू करीब 31 साल पहले अचानक घर से लापता हो गया था। उस समय परिजनों ने उसकी तलाश में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि, वक्त के साथ पिंटू ने भी घर लौटने के लिए पहले दो बार प्रयास किए थे, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी थी।
वायरल वीडियो बना मसीहा, दोस्त ने दिखाया रास्ता
इस बार उनके जीवन में चमत्कार तब हुआ जब उनके एक दोस्त ने मनिहारी में गेहूं की फसल से जुड़ा एक वायरल वीडियो उन्हें दिखाया। उस वीडियो को देखकर पिंटू के मन में अपने गांव लौटने की उम्मीद फिर से जाग उठी और उसने तीसरी बार काटाकोश आने का पक्का निर्णय लिया।
गांव पहुंचकर उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद ली और आखिरकार अपने पिता व परिवार तक पहुँचने में कामयाब रहे। शुरुआत में उम्र के लंबे फासले के कारण मां तुरंत उन्हें पहचान नहीं पाईं, लेकिन शरीर पर मौजूद पुराने जख्मों के निशानों और अन्य पुख्ता पहचान के आधार पर परिजनों ने उन्हें गले लगा लिया और अपना बिछड़ा बेटा स्वीकार कर लिया।
पश्चिम बंगाल में मजदूरी करते हैं पिंटू, जल्द परिवार से मिलाएंगे
वर्तमान में पश्चिम बंगाल में रहकर मेहनत-मजदूरी करने वाले पिंटू अपने परिवार से मिलकर बेहद खुश हैं। माता-पिता ने भी उन्हें अपना वही खोया हुआ बेटा बताया है।
पिंटू का कहना है कि वे जल्द ही अपनी पत्नी और बच्चों को लेकर वापस गांव आएंगे और माता-पिता से मिलाएंगे। इस चमत्कारी मिलन की खबर पूरे इलाके में फैल गई है, जिससे देखने और मिलने वालों का तांता लगा हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।